स्वतंत्र आवाज़
word map

नौकरी देना गुनाह है तो बार-बार यह गुनाह करेंगे

जिसने कांग्रेस का विरोध किया तो सलाखों में पहुंचा दिया-अभय चौटाला

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 26 January 2013 08:28:44 AM

abhay chautala inl

कैथल। इनेलो के नेता और विधायक अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को यहां कहा कि जब इनेलो ने सरकारी खजाने से कांग्रेस की लूट का राज खोलना चाहा तो कांग्रेस ने सीबीआई का सहारा लेकर अदालत को गुमराह किया, जिस कारण 55 बेगुनाहों को सजा हुई है। चौटाला कोयल पर्यटन केंद्र में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो ने एफडीआई, राबर्ट वढेरा और राजीव गांधी ट्रस्ट को कौड़ियों के भाव जमीन देने का विरोध किया तो कांग्रेस ने ओछे हथकंडे अपनाते हुए ओमप्रकाश चौटाला सहित 55 लोगों को जेल पहुंचा दिया। सीबीआई ने अदालत के सामने जेबीटी भर्ती मामले में गलत तथ्य प्रस्तुत किए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा जनहित कांग्रेस इस गलतफहमी में है कि आगामी विधानसभा चुनाव में हरियाणा में उनकी सरकार बनेगी, वास्तव में हजकां, कांग्रेस की ही बी टीम है। एक प्रश्र के उत्तर में उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला और अजय चौटाला को जेल होने से कार्यकर्ता मायूस हैं, लेकिन कांग्रेस को गलतफहमी है कि इनेलो कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर गया है, यदि कांग्रेस चाहे तो विधानसभा भंग करके दोबारा चुनाव करवा ले, हरियाणा की जनता उसे करारा जवाब देगी। चौटाला ने कहा कि कार्यकर्ताओं में गुस्सा है और वे किसी भी हद तक जा सकते हैं, लेकिन यह पार्टी चौधरी देवीलाल की पार्टी है, जिसने हमेशा संयम और शांति से काम लिया है।
उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव जाकर कांग्रेस की कुरीतियों की पोल खोलेंगे और सच्चाई सबके सामने रखेंगे। अजय चौटाला के पुत्र दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यदि रोज़गार देने से उन्हें जेल मिलती है, तो वे बार-बार जेल जाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब भी इनेलो को मौका मिलेगा, वे प्रदेश के विकास में योगदान करेंगे और रोज़गारपरक योजनाएं बनाएंगे। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, विधायक रामपाल माजरा, फूल सिंह खेड़ी, युवा प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप गिल, जिलाध्यक्ष कैलाश भगत, पूर्व विधायक लीला राम, मक्खन सिंह, बलदेव वाल्मीकि  बूटा सिंह, सज्जन सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष पारस मित्तल, बिल्लू चंदाना, संजीव छौत, रवि कुमार, सतबीर गोपेरा, धर्मवीर कैमिस्ट, आशा सिंह, बलराज नौच, अभिजीत जोशी, कृष्ण पिलनी, रणदीप कौल, कंवरपाल राणा राजौंद, रामचंद्र करोड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इससे पूर्व जवाहर पार्क में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अदालत के इस फैसले से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। वे इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीबीआई अपने वास्तविक कर्तव्य से भटककर कांग्रेस की जरखरीद बनकर रह गई है। सीबीआई देश में बड़े घोटालेबाजों, टैक्स चोरों और भ्रष्टाचार में लिप्त बड़े मगरमच्छों को पकड़ने की बजाय उन लोगों पर शिकंजा कस रही है, जो उनकी पोल खोलते हैं। जिसने भी कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया, कांग्रेस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि आज से हरियाणा में उन्होंने एक नई क्रांति की शुरूआत की है। हौसले के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]