रेलवे का हरित व टिकाऊ परिवहन की ओर बड़ा कदम
जिंद-सोनीपत खंड पर 75 किमी प्रतिघंटे गति से चलीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 27 May 2026 04:38:58 PM
जिंद/ सोनीपत। भारतीय रेलवे ने हरित और टिकाऊ परिवहन की ओर एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तरी रेलवे के जिंद-सोनीपत खंड पर हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित 10 डिब्बों वाली रेलगाड़ी चलाने की मंजूरी दे दी है। यह रेलगाड़ी जल्द ही शुरू होने वाली है और 1200 किलोवाट हाइड्रोजन फ्यूल सेल प्रणोदन प्रणाली से संचालित होकर अधिकतम 75 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलेगी। इसका ट्रायल करते हुए रेलवे ने यह जानकारी साझा की। हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक हाइड्रोजन का उपयोग करके रासायनिक प्रतिक्रिया से बिजली उत्पन्न करती है, जिसमें केवल जल वाष्प ही उत्सर्जित होता है। इस प्रकार यह पारंपरिक जीवाश्म ईंधन आधारित रेल प्रणालियों का एक स्वच्छ विकल्प है।
हाइड्रोजन रेल प्रणालियों को सतत परिवहन केलिए एक आशाजनक समाधान के रूपमें वैश्विक स्तरपर मान्यता मिल रही है। इस पहल के साथ भारत जर्मनी, जापान, चीन और संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो गया है, जो स्वच्छ रेल परिवहन केलिए हाइड्रोजन के उपयोग की संभावनाओं का पता लगा रहे हैं। चूंकि यह तकनीक अभी प्रारंभिक चरण में है, इसलिए वर्तमान में केवल कुछही देश ऐसी प्रणालियों का संचालन या परीक्षण कर रहे हैं। हरियाणा के जिंद-सोनीपत खंड को इन परिचालनों केलिए पायलट मार्ग के रूपमें चुना गया है। इसके लिए जिंद में एक स्वदेशी हाइड्रोजन भंडारण और ईंधन भरने की सुविधा स्थापित की गई है। पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन ने इस स्थल पर संपीड़ित हाइड्रोजन गैस के भंडारण और वितरण केलिए आवश्यक लाइसेंस प्रदान कर दिया है।
ईंधन भरने केलिए हाइड्रोजन संपीड़न प्रणाली, आवश्यक तकनीकी सहायता और महत्वपूर्ण पुर्जे उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि विश्वसनीय और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित हो सके। किसीभी आपातकालीन स्थिति केलिए अलग से एक कंप्रेसर यूनिट की व्यवस्था भी की जा रही है। हाइड्रोजन उत्पादन, भंडारण और वितरण केंद्र में स्थापित हाइड्रोजन रिसाव और आग का पता लगाने वाले विभिन्न सुरक्षा सेंसरों की नियमित रूपसे जांच और सफाई की जाएगी, ताकि धूल जमा न हो और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हो सके। आरडीएसओ की विधिवत अनुमोदित हाइड्रोजन ट्रेन-सेट और हाइड्रोजन संयंत्र के संचालन एवं रखरखाव नियमावली भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। शकुरबस्ती में प्रस्तावित रखरखाव सुविधा केलिए आवश्यक सुरक्षा प्रावधान, नियमित ऑडिट और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
हरित और टिकाऊ परिवहन में व्यापक सुरक्षा और परिचालन प्रोटोकॉल का पालन करना भी अनिवार्य किया गया है, जिनमें हाइड्रोजन ईंधन भरने की प्रणाली की चौबीस घंटे और सात दिन निगरानी, महत्वपूर्ण कार्यों केलिए प्रशिक्षित और प्रमाणित कर्मियों की तैनाती तथा नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव कार्यक्रम शामिल हैं। परिचालन के प्रारंभिक चरण में सुचारू संचालन सुनिश्चित करने केलिए प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी ट्रेन केसाथ रहेंगे। यह परियोजना नवाचार, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ परिवहन केप्रति भारतीय रेलवे की व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाती है और भारत के राष्ट्रीय स्वच्छ ऊर्जा और शून्य कार्बन उत्सर्जन लक्ष्यों के अनुरूप है।