स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 15 July 2025 06:28:21 PM
कटक (ओडिशा)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रेवेनशॉ विश्वविद्यालय कटक के दीक्षांत समारोह में आज छात्र-छात्राओं से मिलकर बहुत भावविभोर हुईं। राष्ट्रपति ने मेधावी विद्यार्थियों को पदक और उपाधियां देकर सम्मानित किया और अपने प्रेरणाप्रद संबोधन से उनको प्रेरित और उत्साहित किया। उन्होंने रेवेनशॉ विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहाकि यह शैक्षणिक संस्थान स्वतंत्रता संग्राम का सक्रिय केंद्र था और ओडिशा राज्य गठन आंदोलन से जुड़ा हुआ था। राष्ट्रपति ने कहाकि इसका शिक्षा के विकास और महिला सशक्तिकरण में निरंतर अमूल्य योगदान रहा है, इसके कई छात्रों ने स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद, साहित्यकार, दार्शनिक, राजनीतिक नेता, समाज सुधारक, वैज्ञानिक और कलाकार के रूपमें भारत का मान बढ़ाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बतायाकि उन्हें यह जानकर खुशी हुई हैकि रेवेनशॉ विश्वविद्यालय अनुसंधान, नवाचार और समावेशिता के क्षेत्रमें उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहाकि संस्थान ने परामर्श सेवाओं और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से कई उद्योग भागीदारों तक अपनी विशेषज्ञता का विस्तार किया है, इसका 'डिज़ाइन, नवाचार और उद्यमिता केंद्र' विचार-मंथन, अनुवादात्मक अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देता है। उन्होंने यहभी बतायाकि रेवेनशॉ विश्वविद्यालय आदिवासी क्षेत्रों, वंचित समूहों और दिव्यांगजन छात्रों का नामांकन बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। राष्ट्रपति ने कहाकि यह विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, थ्री-डी प्रिंटिंग और क्लाउड कंप्यूटिंग से हमारी सोच और कार्यशैली में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहाकि उन्हें खुशी हैकि यह विश्वविद्यालय इन तकनीकों का उपयोग अच्छी प्रकार से कर रहा है। उन्होंने सभीको इन उन्नत तकनीकों के दुरुपयोग केप्रति सावधान रहने की सलाह भी दी।
राष्ट्रपति ने कहाकि भारत में अमृतकाल चल रहा है, वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाना हमारा राष्ट्रीय लक्ष्य है और राष्ट्र प्रथम की भावना हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहाकि हमारे जवान, किसान, वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर और विभिन्न क्षेत्रोंमें सक्रिय हैं और विश्व में भारत का गौरव बढ़ाने की भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों को इनसे प्रेरणा लेने और अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से देश के विकास में योगदान देने का आग्रह किया। इसके बाद एक अन्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कटक में रेवेनशॉ गर्ल्स हाई स्कूल की तीन इमारतों के जीर्णोद्धार की आधारशिला रखी। उन्होंने कहाकि शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर बुनियादी ढांचा एक अच्छे शैक्षिक वातावरण का निर्माण करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि जीर्णोद्धार परियोजना के पूरा होने पर इस विद्यालय की सुविधाएं औरभी बेहतर हो जाएंगी। राष्ट्रपति ने बालिका शिक्षा से सम्बंधित परियोजना केलिए केंद्र और राज्य सरकारों की सराहना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि विभिन्न दीक्षांत समारोहों के दौरान उन्होंने नोट किया हैकि शिक्षा, खेल, विज्ञान, कौशल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में समान सुविधाएं और अवसर मिलने पर लड़कियां बेहतर से बेहतर प्रदर्शन करती हैं। उन्होंने इस बातपर भी प्रकाश डालाकि महिलाएं शिक्षा और साहित्य, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उद्योग तथा वाणिज्य सहित प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रोंमें सफलता के नए मानक स्थापित करने वाली महिलाओं से प्रेरणा लेने केलिए कहा। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहाकि वे अपने ज्ञान, आत्मविश्वास, कौशल और दृढ़ संकल्प के बल पर असंभव को भी संभव बना सकती हैं।