स्वतंत्र आवाज़
word map

एएसआई स्मारकों में मनेगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जनता के लिए निःशुल्क प्रवेश

'भारतीय सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन स्वास्थ्य प्रथाओं को बढ़ावा'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 20 June 2025 06:49:34 PM

international yoga day to be celebrated at asi monuments

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून 2025 को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आयुष मंत्रालय के सहयोग से 81 केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में योग सत्र का आयोजन कर रहा है। इस दिन सभी एएसआई स्मारकों में जनता केलिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इसवर्ष की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य केलिए योग’ के अनुरूप भव्य योग महोत्सव का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन स्वास्थ्य प्रथाओं केबीच शाश्वत संबंध को बढ़ावा देना है। गौरतलब हैकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2025 में मन की बात कार्यक्रम में इस थीम का उल्लेख किया था, जिसमें न केवल अपने भीतर, बल्कि पर्यावरण केसाथ सामंजस्य बढ़ाने में योग की भूमिका को रेखांकित किया गया है। योग भारत का विश्व को दिया गया अद्भुत उपहार है और इसके महत्व को समझते हुए संयुक्तराष्ट्र ने 2014 में महासभा के सत्र के दौरान 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूपमें घोषित किया था।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों प्रतिभागी ऐतिहासिक स्थलों-पुराना किला (दिल्ली), गोल गुम्बज (कर्नाटक), कोणार्क सूर्य मंदिर (ओडिशा), चित्तौड़गढ़ किला (राजस्थान), एलीफेंटा गुफाएं (महाराष्ट्र) और एएसआई के अंतर्गत 76 अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर योग करने केलिए एकत्रित होंगे। यह आयोजन समग्र स्वास्थ्य और पर्यावरण चेतना के महत्व को रेखांकित करेगा, जो योग दर्शन में गहराई से निहित है। इसमें अहमदाबाद के अडालज वाव में गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली के सफदरजंग मकबरे में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुंबई के कन्हेरी गुफाओं में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, पट्टाडकल के मंदिर समूह में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी और विभिन्न स्थानों पर गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इसका सीधा प्रसारण भारतभर में किया जाएगा, जहांभी योग समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]