स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय महिला तीरंदाजों ने रचा इतिहास

जर्मनी में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन

उपराष्ट्रपति और सभापति ने दी तीरंदाजों को बधाई!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 7 August 2023 04:35:24 PM

indian women archers created history

बर्लिन/ नई दिल्ली। देश के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन और अपनी ओर से जर्मनी में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप-2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाले तीरंदाजों को बधाई दी है। उन्होंने कहाकि हमारे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है, हमारे तीरंदाजों विशेषकर महिला तीरंदाजों ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रचा है, उनका अनुकरणीय प्रदर्शन निश्चित रूपसे और दूसरे तीरंदाजों एवं राष्ट्र को प्रेरित करेगा।
विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में अबतक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन केलिए भारतीय तीरंदाजों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहाकि उनकी उपलब्धियां खेल के क्षेत्र में हमारी तेज प्रगति को दर्शाती हैं और हमारे खिलाड़ियों के अटूट संकल्प, कड़ी मेहनत और हृदय से समर्पित होने का प्रमाण हैं। उन्होंने कहाकि सकारात्मक सरकारी पहल और नीतियों के कारण भी यह संभव हुआ है। राज्यसभा सभापति ने कहाकि 17 वर्षीय अदिति गोपीचंद स्वामी ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश केलिए पहला व्यक्तिगत विश्व खिताब हासिल किया है, यह खिताब जीतने वाली वे दुनिया की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।
सभापति जगदीप धनखड़ ने ओजस प्रवीण देओतले की भी सराहना की, जिन्होंने पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है, वे विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में ऐसा खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष तीरंदाज बन गए हैं। एक अन्य महिला तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम ने महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि ज्योति वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। तीरंदाजों को उनके भविष्य के प्रयासों केलिए सफलता की शुभकामनाएं देते हुए सभापति ने आशा व्यक्त कीकि वे अपनी उपलब्धियों से खेल, खिलाड़ियों और देश को ऐसे ही गौरवांवित करते रहेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]