समुद्र तल से करीब 800 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ान भरी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत की रक्षा क्षमताओं पर गर्व जतायास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 8 April 2023 04:42:20 PM
तेजपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन पर सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में एक ऐतिहासिक उड़ान भरी। राष्ट्रपति भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं। उन्होंने ब्रह्मपुत्र और तेजपुर घाटी को कवर करते हुए लगभग 30 मिनट तक उड़ान भरी और वायुसेना स्टेशन लौटने से पहले उड़ान के दौरान हिमालय के दृश्य भी देखे। सुखोई-30 एमकेआई विमान को 106 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार ने उड़ाया था।
सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान ने समुद्र तल से करीब दो किलोमीटर की ऊंचाई पर और करीब 800 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ान भरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस तरह की उड़ान भरने वाली देश की तीसरी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति ने इसके बाद आगंतुक पुस्तिका में एक संक्षिप्त नोट लिखकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया, जिसमें उन्होंने कहाकि भारतीय वायुसेना के शक्तिशाली सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरना, उनके लिए एक उत्साहजनक अनुभव रहा। उन्होंने कहाकि यह गर्व की बात हैकि भूमि, वायु और समुद्र की सभी सीमाओं को कवर करने केलिए भारत की रक्षा क्षमताओं का अत्यधिक विस्तार हुआ है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस उड़ान के आयोजन केलिए भारतीय वायुसेना और तेजपुर वायुसेना स्टेशन की पूरी टीम को बधाई दी। द्रौपदी मुर्मू को सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान और भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमताओं के बारे मेभी जानकारी दी गई। उन्होंने भारतीय वायुसेना की परिचालन तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। राष्ट्रपति की सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भारतीय सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के रूपमें सशस्त्र बलों केसाथ जुड़ने के उनके प्रयासों का एक हिस्सा है। गौरतलब हैकि मार्च 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आईएनएस विक्रांत का दौरा किया था और स्वदेश निर्मित विमान पर अधिकारियों एवं नाविकों केसाथ बातचीत की थी।