स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-सेशल्स का 'लामितिये सैन्याभ्‍यास'

रक्षा अकादमी सेशेल्स में 31 मार्च तक संयुक्त सैन्याभ्यास

भारतीय सैन्‍य दल में 2/3 गोरखा राइफल्स समूह शामिल

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 22 March 2022 04:37:35 PM

india-seychelles joint military training 'exercise lamitiye'

सेशेल्स/ नई दिल्ली। भारतीय सेना और सेशेल्स रक्षा बलों केबीच 9वां संयुक्त सैन्याभ्यास लामितिये-2022 रक्षा अकादमी सेशेल्स में 22 से 31 मार्च 22 तक आयोजित किया जा रहा है। भारतीय सेना और सेशेल्‍स रक्षा बल दोनों की एक-एक इन्फैंट्री प्लाटून कंपनी मुख्यालय केसाथ इस अभ्यास में भाग लेंगी। अभ्‍यास का उद्देश्य अर्धशहरी वातावरण में शत्रुबलों के खिलाफ विभिन्न अभियानों के दौरान प्राप्त किए गए अनुभवों को साझा करने और संयुक्त अभियान शुरू करने केलिए क्षमता में वृद्धि करना है। भारतीय सैन्‍य दल में 2/3 गोरखा राइफल्स समूह (पीरकंठी बटालियन) के सैनिक शामिल हैं, यह दल 21 मार्च 2022 को ही सेशेल्स पहुंच चुका है।
भारतीय सेना और सेशेल्स रक्षा बलों का सैन्‍य अभ्यास एक द्विवार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका 2001 से सेशेल्स में आयोजन किया जा रहा है। उल्‍लेखनीय है कि विभिन्न देशों के साथ भारत के सैन्य प्रशिक्षण अभ्‍यास की श्रृंखला में सेशेल्‍स केसाथ आयोजित किया जा रहा यह लामितिये अभ्‍यास मौजूदा वैश्विक स्थिति और हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती हुई सुरक्षा चिंताओं की पृष्ठभूमि में दोनों देशों केलिए सामने आ रही सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में बहुत अहम और महत्वपूर्ण है। दस दिन तक चलने वाले संयुक्त अभ्यास में क्षेत्र प्रशिक्षण अभ्यास, युद्ध चर्चा, व्याख्यान, प्रदर्शन शामिल हैं, जो दो दिवसीय प्रमाणीकरण अभ्यास केसाथ समाप्‍त होगा। संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच कौशल, अनुभव और अच्छी प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान के द्वारा द्विपक्षीय सैन्य संबंधों की स्‍थापना करना और उन्‍हें बढ़ावा देना है।
भारतीय सेना और सेशेल्स रक्षा बल संयुक्त परिचालन आयोजित करने केलिए नई पीढ़ी के उपकरणों और प्रौद्योगिकी का पता लगाने और प्रदर्शन करते हुए, अर्ध शहरी वातावरण में आनेवाले संभावित खतरों को समाप्‍त करने केलिए अच्छी तरह से विकसित सामरिक अभ्यासों की एक श्रृंखला का संयुक्त रूपसे प्रशिक्षण, नियोजन और निष्पादन करेंगे। अर्ध-शहरी वातावरण में शत्रुदलों का मुकाबला करने में सामरिक कौशल को बढ़ाने और दोनों बलों के बीच अंतर-संचालन बढ़ाने पर पूरा ध्‍यान केंद्रित किया जाएगा। भारतीय सैन्‍य दल के कंपनी कमांडर मेजर अभिषेक नेपाल सिंह ने कहा हैकि यह द्विवार्षिक सैन्‍य अभ्यास सेशेल्‍स में एक निर्गामी आउटबाउंड अभ्‍यास है, जिसने दोनों सेनाओं केबीच द्विपक्षीय सैन्य सहयोग और अंतर-संचालनता को मजबूत बनाने में काफी योगदान दिया है।
भारतीय सैन्‍य दल के कंपनी कमांडर मेजर अभिषेक नेपाल सिंह ने कहाकि हम विचार-विमर्श और सामरिक अभ्यासों पर आधारित अनेक स्थितियों के माध्‍यम से उप-पारंपरिक संचालनों में नई प्रौद्योगिकी के समावेश के साथ-साथ मान्‍य अभ्‍यासों और प्रक्रियाओं को समाविष्‍ट करने केलिए व्यवहारिक पहलुओं को साझा करने के लिए भी तत्पर हैं। संयुक्त सैन्य अभ्यास से भारतीय सेना और सेशेल्स रक्षा बलों केबीच रक्षा सहयोग के स्तर को बढ़ाने और दोनों देशों केबीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]