स्वतंत्र आवाज़
word map

स्कूलों में 10 फरवरी से फिट इंडिया क्विज शुरू

खेल मंत्री ने लॉंच किया पहला स्कूल फिटनेस एवं स्पोर्ट्स क्विज

'क्विज के विभिन्न चरणों केलिए 3.25 करोड़ रु. पुरस्कार राशि'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 8 February 2022 05:02:48 PM

fit india quiz

नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने जाने-माने एथलीटों केसाथ 10 फरवरी से शुरू हो रहे पहले फिट इंडिया क्विज के राज्य स्तरीय दौर केलिए छात्रों का उत्साहवर्धन किया है। इसमें 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 189 जिलों के 360 स्कूल पुरस्कारों केलिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ साल पहले फिट इंडिया मूवमेंट में शामिल होने का आह्वान किया था, उनके विजन को आगे बढ़ाते हुए हमने फिट इंडिया क्विज-भारत का पहला स्कूल फिटनेस और स्पोर्ट्स क्विज लॉंच किया है। उन्होंने कहाकि क्विज के प्रारंभिक दौर में भाग लेने वाले छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त कीकि वे अपने स्कूल, जिले और राज्य को गौरवांवित करेंगे।
खेल मंत्री ने बतायाकि राज्य स्तरीय दौर में एक वेबआधारित प्रतियोगिता होगी, जिसमें 8 से 32 टीमें स्टेट चैंपियन बनने केलिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस कार्यक्रम का युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण और फिट इंडिया के सोशल मीडिया हैंडल पर भी प्रसारण (वेबकास्ट) होगा। क्विज में 3.25 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि है, जो क्विज के विभिन्न चरणों के दौरान विजेता स्कूलों और छात्रों को दी जाएगी। अनुराग ठाकुर केसाथ बहुत से जाने-माने एथलीटों ने भी भाग लेने वाले छात्रों को आगामी दौर केलिए शुभकामनाएं दीं। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक विजेता मीराबाई चानू, टोक्यो पैरालिंपिक कांस्य पदक विजेता शरद कुमार और टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने कहाकि उन्हें उम्मीद हैकि सभी छात्र अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे और सभी अपने राज्य को पहली बार फिट इंडिया क्विज का चैंपियन बनने केलिए उत्साहित करेंगे। क्विज के प्रारंभिक दौर में 13,502 स्कूलों के कुल 36,299 छात्रों ने हिस्सा लिया और इसमें लड़कों के साथ-साथ लड़कियों ने भी समान रूपसे भाग लिया।
उत्तर प्रदेश के दो छात्रों ने प्रारंभिक दौर में शीर्ष अंक प्राप्त करके अन्य सभी राज्यों के छात्रों को पीछे छोड़ दिया। दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के दिव्यांशु चमोली ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि सनबीम स्कूल, लहरतारा, वाराणसी के शाश्वत मिश्रा ठीक उनके पीछे थे, इसके बाद बेंगलुरू के बाल्डविन गर्ल्स हाई स्कूल की अर्कमिता का स्थान है, जिन्होंने कर्नाटक राज्य केलिए शीर्ष अंक प्राप्त किया है। राज्य स्तरीय दौर केबाद 36 स्कूल टीमें (प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की विजेता) राष्ट्रीय दौर में प्रवेश करेंगी, जो इस साल के अंत में आयोजित होगी। फिट इंडिया क्विज को स्टार स्पोर्ट्स पर प्रसारित किया जाएगा और कई सोशल मीडिया चैनलों पर भी इसका प्रसारण होगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]