स्वतंत्र आवाज़
word map

हज-2021 की घोषणा व आवेदन प्रक्रिया भी शुरु

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने की घोषणा

महिला हाजियों के 2020 के आवेदन हज 2021 के लिए भी मान्य

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 November 2020 04:58:55 PM

announcement and application process of haj 2021 also started

मुंबई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कोरोना महामारी की चुनौतियों के मद्देनज़र बड़े बदलावों के साथ हज 2021 की घोषणा करते हुए आज से हज 2021 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की भी शुरूआत कर दी है। हज हाउस मुंबई में हज 2021 की घोषणा करते हुए मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हज 2021 में पैंडेमिक पोजीशन के मद्देनज़र राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रोटोकॉल गाइडलाइंस का मुस्तैदी से पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हज 2021 के लिए आवेदन पत्र जमा किए जाने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2020 है और हज के लिए आवेदन ऑनलाइन एवं मोबाइल एप के जरिए तथा ऑफलाइन माध्यम से भी किए जा सकेंगे।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हज 2021 जून-जुलाई के महीने में होना है, संपूर्ण हज प्रक्रिया सऊदी अरब की सरकार एवं भारत सरकार के कोरोना आपदा के मद्देनज़र तय पात्रता मानदंड, आयु मानदंड, स्वास्थ्य परिस्थिति एवं अन्य जरूरी दिशानिर्देशों के अनुसार हो रही है। उन्होंने बताया कि लोगों की सेहत, सुरक्षा और सऊदी अरब सरकार के दिशानिर्देशों को प्राथमिकता देते हुए और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, हज कमेटी, सऊदी अरब में भारतीय एम्बेसी, जेद्दा में भारतीय कॉन्सुल जनरल आदि के गहन मंत्रणा के बाद हज 2021 की संपूर्ण प्रक्रिया तय की गई है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए हज व्यवस्थाओं में बड़े पैमाने पर परिवर्तन किया गया है, इनमें भारत एवं सऊदी अरब में आवास, सऊदी अरब में हज यात्रियों के ठहरने की अवधि, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हज 2021 के सम्बंध में सऊदी अरब सरकार के दिशानिर्देशों का भी पालन किया जाएगा एवं आयु मानदंडों में कोरोना के कारण बदलाव हो सकता है।
मुख्तार अब्बास नक़वी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय हवाई सफर प्रोटोकॉल के तहत हज पर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हज यात्रा से 72 घंटे पहले कोरोना टेस्ट करवाना जरूरी होगा, नेगेटिव परिणाम आने पर ही हज यात्रा पर जाने की अनुमति दी जाएगी। मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि बिना मेहरम के हज पर जाने वाली महिलाओं के हज 2020 के लिए किए गए आवेदन हज 2021 के लिए भी मान्य रहेंगे, इसके साथ नए आवेदन करने वाली महिलाओं को भी हज 2021 पर बिना लॉटरी के जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना पैंडेमिक पोजीशन और एयर इंडिया सहित विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त फीडबैक के चलते इम्बार्केशन पॉइंट्स की संख्या जो पहले 21 थी वह हज 2021 के लिए 10 रहेगी। उन्होंने बताया कि हज 2021 के लिए 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स निर्धारित किए गए हैं इनमें-अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर हैं।
अहमदाबाद एम्बार्केशन पॉइंट से गुजरात के सभी हज यात्री, बेंगलुरु से (कर्नाटक के सभी हज यात्री), कोच्चि से (केरल, लक्षद्वीप, पुड्डुचेर्री, तमिलनाडु, अंडमान एवं निकोबार), दिल्ली से (दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के पश्चिम क्षेत्र), गुवाहाटी से (असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड), हैदराबाद से (आंध्र प्रदेश, तेलंगाना), कोलकाता से (पश्चिम बंगाल, ओडिशा, त्रिपुरा, झारखंड, बिहार), लखनऊ से (पश्चिम उत्तर प्रदेश को छोड़कर उत्तर प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्र), मुंबई से (महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दमन और दीव, दादर व नगर हवेली) एवं श्रीनगर से (जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख-कारगिल) के हज यात्री यात्रा करेंगे। हज 2021 की घोषणा कार्यक्रम में मुंबई में सऊदी अरब के रॉयल वाइस कौंसल जनरल मोहम्मद अब्दुल करीम अल-एनाज़ी, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ एमए खान और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]