स्वतंत्र आवाज़
word map

इफको और प्रसार भारती में समझौता

कृषि प्रौद्योगिकी व नवाचारों का प्रसारण और प्रोत्साहन

किसानों को आसान भाषा में कृषि नवाचारों की व्याख्या

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 7 October 2020 12:24:53 PM

agreement between iffco and prasar bharati

नई दिल्ली। विश्व की सबसे बड़ी उर्वरक सहकारी संस्था भारतीय कृषक उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) और प्रसार भारती ने नई कृषि प्रौद्योगिकी एवं नवाचारों को प्रसारित और प्रोत्साहित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। नई दिल्ली के पृथ्वी भवन में एक कार्यक्रम में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके अनुसार किसानों के लाभ केलिए डीडी किसान 30 मिनट की कार्यक्रम श्रृंखला के जरिए कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही विभिन्न नवीन तकनीकों के बारे में आसान भाषा में जानकारी प्रसारित करेगा। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह आवश्यक है कि इन नई कृषि तकनीकों और उनके कार्यांवयन के बारे में उन्हें समझाया जाए। यह समझौता ज्ञापन इस उद्देश्य को पूरा करने में मदद करेगा। इफको के नवाचारों को लगभग 25 एपिसोड में डीडी किसान के माध्यम से आसान भाषा में किसानों के साथ साझा किया जाएगा।
इफको के प्रबंध निदेशक डॉ यूएस अवस्थी ने कहा कि इफको ने यूरिया का विकल्प तैयार किया है, जोकि नैनो तकनीक पर आधारित है, इससे किसानों को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिन नवाचारों से किसानों को काफी फायदा हो सकता है, उन्हें अब डीडी किसान पर प्रसारित किया जाएगा। यह पहल 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी मदद करेगा। भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के विजय राघवन ने इस पहल को किसानों की बेहतरी की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। इफको के पास किसानों के लिए नवीन तकनीक है और दूरदर्शन के पास पूरे देश में विशाल नेटवर्क है। दूरदर्शन का विशाल नेटवर्क किसानों को आसान भाषा में कृषि नवाचारों की व्याख्या करने में मदद करेगा, जो उनके लिए बेहद मददगार साबित होगा।
प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेम्पति ने इस पहल को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस समाचार माध्यम के जरिए किसानों के साथ आसान भाषा में जानकारियां साझा की जाएंगी। इन कार्यक्रमों को डिजिटल माध्यम से भी प्रसारित किया जाएगा, ताकि युवा किसान इस पहल से लाभांवित हो सकें। दूरदर्शन के महानिदेशक मयंक अग्रवाल ने कहा कि इस समझौते से वैज्ञानिकों के प्रयोगशाला में किए गए नवाचारों और खेतों में किसानों के आजमाए गए प्रयोगों को बढ़ावा मिलेगा, इससे युवा किसानों को भी बहुत मदद मिलेगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]