स्वतंत्र आवाज़
word map

फ्रांसीसी कंपनियों को भारत में निवेश का आमंत्रण

'भारत और फ्रांस रक्षा औद्योगिक भागीदारी को और सशक्‍त करेंगे'

भारतीय रक्षामंत्री का फ्रांस के रक्षा उद्योगों के सीईओ को संबोधन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 10 October 2019 01:16:50 PM

rajnath singh meeting with the chief executive officers of french defence industries

पेरिस। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत और फ्रांस अपनी रक्षा औद्योगिक भागीदारी को और सशक्‍त करेंगे। पेरिस में फ्रांस रक्षा उद्योगों के सीईओ को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने फ्रांस की कंपनियों से भारत के शिपयार्ड और रक्षा उद्योगों में प्रौद्योगिकी सहयोग कर अत्‍याधुनिक करने का आह्वान किया। उन्‍होंने फ्रांस की कंपनियों से रक्षा उपकरणों के उत्‍पादन के लिए भारत को केंद्र बनाने के साथ-साथ दूसरे देशों को निर्यात करने के लिए भी कहा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने व्यापार में सुगमता के सुधार के लिए महत्‍वपूर्ण आर्थिक सुधार किए हैं और अपनी अर्थव्‍यवस्‍था को निवेश के लिए खोला है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में रक्षा निर्माण क्षेत्र में मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत बड़े पैमाने पर विदेशी कंपनियों को आमंत्रित किया है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर जीएसटी के महत्‍व पर ध्‍यान केंद्रित करते हुए इसे भारत में आजादी के बाद सबसे बड़ा कर सुधार बताया। उन्‍होंने कहा कि हमने हाल ही में कॉर्पोरेट कर में भारी कमी की है और रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत यदि करों को और युक्तिसंगत बनाने की आवश्‍यकता होगी तो इसपर भी विचार किया जाएगा। रक्षामंत्री ने भारत में रक्षा प्रदर्शनियों में जोश के साथ नियमित रूपसे भाग लेने के लिए फ्रांस की कंपनियों की सराहना की। उन्‍होंने 5 से 8 फरवरी 2020 तक लखनऊ में होने वाली रक्षा प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए फ्रांस की कंपनियों को विशेष निमंत्रण दिया। उन्‍होंने कहा कि लखनऊ सांस्‍कृतिक रूपसे एक धनी शहर है और फ्रांस के लोग संस्‍कृति के बड़े प्रशंसक हैं एवं लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है, जोकि नए अवसरों की भूमि भी है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सिविल और सैन्‍य क्षेत्रों के लिए एयरो ईंजन के प्रति भारत की आवश्‍यकता पर ध्‍यान केंद्रित किया। उन्‍होंने फ्रांस की कंपनियों से भारत में एयरो ईंजन परिसर विकसित करने की संभावना तलाशने का अनुरोध किया और कहा कि फ्रांस की कंपनियां भारत में कम वेतन और तकनीकी कार्यकुशल लोगों की उपलब्‍धता का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में फ्रांस में भारत के राजदूत विनय क्‍वात्रा ने स्‍वागत भाषण दिया। इस दौरान रक्षा मंत्रालय में अपर सचिव बरूण मित्रा ने रक्षा प्रदर्शनी 2020 पर एक प्रस्‍तुतीकरण दिया। रक्षा सचिव डॉ अजय कुमार ने भी सीईओ को संबोधित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]