स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत की नाविका सागर परिक्रमा पूरी

नौकायन पोत की महिला अधिकारियों से मिले मोदी

सागर की परिक्रमा के अनुभव प्रधानमंत्री से किए साझा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 23 May 2018 05:34:36 PM

narendra modi meeting the crew of insv tarini which successfully circumnavigated the globe

नई दिल्ली। भारतीय नौकायन पोत आईएनएसवी तारिणी से पूरे विश्व की सागर परिक्रमा करने वाली भारतीय नौसेना की 6 महिला अधिकारियों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। नाविका सागर परिक्रमा के नाम से जाना जाने वाला यह अभियान पूरे विश्व की सागर परिक्रमा का पहला भारतीय अभियान था, जिसके चालक दल की सभी सदस्य महिलाएं थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान चालक दल की महिला सदस्यों ने मिशन के विभिन्न आयामों जैसे तैयारी, प्रशिक्षण और यात्रा के दौरान अनुभव पर आधारित एक प्रस्तुति दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाविका सागर परिक्रमा मिशन की सफलता पर चालक दल की सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा के दौरान विशिष्ट अनुभवों को साझा करने और इस विषय पर लिखने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। नौकायन पोत की कप्तान लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी थीं, जबकि महिला चालक दल की अन्य सदस्यों में लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, लेफ्टिनेंट कमांडर पी स्वाति, लेफ्टिनेंट एस विजया देवी, लेफ्टिनेंट बी ऐश्वर्या और लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता की भी उल्लेखनीय भूमिका रही। मुलाकात के दौरान भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनिल लांबा भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने 10 सितंबर 2017 को आईएनएसवी तारिणी को गोवा से झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक यात्रा के लिए रवाना किया था।देश में ही निर्मित आईएनएसवी तारिणी 45 फुट लंबा जहाज है। अंतर्राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में इसे मेक इन इंडिया पहल के तौरपर दर्शाया गया है। इस अभियान का नाम नाविका सागर परिक्रमा इसलिए रखा गया था, ताकि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके। नाविका सागर परिक्रमा का मुख्य उद्देश्य विश्व के धरातल पर नारी शक्ति को प्रदर्शित करना और चुनौतीपूर्ण स्थितियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करके समाज में परिवर्तन लाना था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]