स्वतंत्र आवाज़
word map

बिहार में जनगणना अभियान स्व-गणना से शुरू

राज्यपाल और मुख्यमंत्री सर्वप्रथम स्वगणना प्रक्रिया में शामिल हुए

बिहारवासियों के समक्ष एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 18 April 2026 05:33:57 PM

census campaign begins in bihar with self-enumeration

पटना। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत देशभर में पहलीबार डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। स्व-गणना अभियान के प्रथम दिवस बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू, बिहार विधानपरिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार और अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने स्व-गणना कर बिहारवासियों के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सीके अनिल प्रधान सचिव सह-राज्य समन्वयक जनगणना, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग बिहार सरकार, गोपाल मीणा सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सह राज्यपाल सचिवालय बिहार तथा रंजिता निदेशक सह मुख्यप्रधान जनगणना पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
स्व-गणना अभियान के द्वितीय दिवस बिहार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त, मिहिर कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने स्व-गणना कर आम नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने केलिए प्रेरित किया। बिहार सरकार ने बिहारवासियों से अपील की हैकि वे स्व-गणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करते हुए निर्धारित अवधि में अपनी जानकारी दर्ज करें और भारत की जनगणना 2027 को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें। सरकार की ओर से कहा गयाकि यह अभियान बिहार और देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशामें एक मजबूत आधार सिद्ध होगा। बिहार में प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित होगी।
मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना में राज्य के प्रत्येक घर की संरचना, उपलब्ध सुविधाओं, आधारभूत सेवाओं एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जाएगा, जो भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा लोककल्याणकारी नीतियों के निर्धारण का आधार बनेगा। जनगणना-2027 की एक प्रमुख विशेषता स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा है, जिसके माध्यम से बिहार के नागरिक 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक निर्धारित आधिकारिक पोर्टल के जरिए स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]