स्वतंत्र आवाज़
word map

नौसेना की नौकायन तारिणी मॉरीशस रवाना

नौसेना की महिला कर्मियों का असाधारण कौशल व समर्पण

नौसैनिक महासागर नौकायन के इतिहास में मील का पत्थर

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 1 March 2024 12:25:12 PM

naval sailing ship leaves mauritius

पणजी। भारतीय नौसेना की नौकायन तारिणी को एक विशेष अभियान पर गोवा में आईएनएस मंडोवी से मॉरीशस में पोर्ट लुइस केलिए कमांडर अभिलाष टॉमी केसी एनएम (सेवानिवृत्त) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभिलाष टॉमी केसी एनएम सेवानिवृत्त भारतीय नौसेना अधिकारी, नौसैनिक एविएटर एवं नाविक हैं और वे जलयान केतहत नौकायन नौकाओं पर बिना रुके दुनिया की परिक्रमा करने वाले पहले भारतीय भी हैं। वे 2018 गोल्डन ग्लोब रेस में भी भाग ले चुके हैं। भारतीय नौसेना नौकायन संघ के तत्वावधान में यह विशेष अभियान नौसेना के महासागर नौकायन के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है, क्योंकि यह अभियान भारतीय महिलाओं द्वारा डबल हैंड मोड में की जानेवाली पहली ट्रांसोनिक सॉर्टी है।
आईएनएसवी तारिणी पर नारी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए समुद्री क्षेत्र में इस ऐतिहासिक यात्रा पर निकली हैं। यह अभियान न केवल भारतीय नौसेना की महिला कर्मियों के असाधारण कौशल एवं समर्पण को उजागर करता है, बल्कि पारंपरिक रूपसे पुरुष प्रधान क्षेत्रों में लैंगिक समानता एवं समावेशिता को बढ़ावा देने केलिए भारत की प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट करता है। लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए की यह यात्रा इस वर्ष के अंतमें निर्धारित उनकी विश्व जलयात्रा परिभ्रमण केलिए तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये दोनों अधिकारी पिछले ढाई साल से कड़ी चयन प्रक्रिया केबाद से स्वयं को तैयार कर रही हैं। इससे पहले छह लोगों के दल के हिस्से के रूपमें इन दोनों अधिकारियों ने गोवा से मॉरीशस तक यात्रा की थी। इसके बाद दोनों ने पिछले वर्ष गोवा से केपटाउन होते हुए रियो दी जनेरियो तक नौकायन यात्रा की। इन दोनों महिला अधिकारियों ने गोवा से पोर्ट ब्लेयर तक और उसके बाद वापस डबल हैंड मोड में एक नौकायन अभियान संचालित किया। इस वर्ष सितंबर में शुरू होनेवाली जलयात्रा से पहले यह उनका अंतिम एकीकृत अभियान है।
कमांडर अभिलाष टॉमी बीते छह महीने से इन दोनों महिला अधिकारियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। कमांडर अभिलाष टॉमी ने इस महत्वपूर्ण अभियान को हरी झंडी दिखाने पर गर्व जताया और कहाकि यह अभियान उनके साहस और लचीलेपन की भावना का प्रतीक है, जो भारतीय नौसेना की क्षमताओं को परिभाषित करता है। उन्होंने दोनों महिला अधिकारियों की क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया और उनकी मॉरीशस की ऐतिहासिक नौकायन यात्रा केलिए अनुकूल हवाओं तथा समुद्र के सहज रहने की शुभकामनाएं कीं। आईएनएसवी तारिणी का अंतर महासागरीय अभियान भारत के समुद्री प्रयासों का एक प्रतीक है, जो वैश्विक समुद्री गतिविधियों में भारत की बढ़ती व्यस्तता और खुले समुद्र में लैंगिक समानता को दर्शाता है। यह अपनी रैंकों के भीतर उत्कृष्टता एवं विविधता को बढ़ावा देने केलिए भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आईएनएसवी तारिणी के 20 मार्च 2024 को मॉरीशस में पोर्ट लुइस पहुंचने की संभावना है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]