स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय नौसेना में सऊदी कैडेटों का प्रशिक्षण

'सऊदी अरब-भारतीय नौसेनाओं केबीच बढ़ती मित्रता का प्रमाण'

भारतीय नौसेना प्रमुख से कैडेटों ने साझा किए प्रशिक्षण अनुभव

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 June 2023 06:44:19 PM

saudi cadets training in the indian navy

कोच्चि। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरिकुमार ने दक्षिणी नौसेना कमान कोच्चि में समुद्री प्रशिक्षण ले रहे किंग फहद नौसेना अकादमी सऊदी अरब के कैडेटों केसाथ आज मुलाकात की। नौसेना प्रमुख को वर्तमान में जारी बंदरगाह और जलपोत प्रशिक्षण गतिविधियों से अवगत कराया गया, जिसमें जानकारी से परिपूर्ण समुद्री उड़ानें शामिल हैं। नौसेना प्रमुख को प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षुओं की प्रगति के बारेमें भी जानकारी दी गई। रॉयल सऊदी नेवल फोर्स के 55 कैडेट पांच निर्देशक स्टाफ केसाथ भारतीय नौसेना के पोत प्रशिक्षण के हिस्से के रूपमें प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन जहाजों, आईएनएस तिर और आईएनएस सुजाता से जुड़े हुए हैं।
सऊदी अरब के कैडेटों केलिए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के अंग के रूपमें समुद्री प्रशिक्षण चरण में जाने से पहले सिम्युलेटर प्रशिक्षण शुरू किया गया। कैडेटों ने भारतीय नौसेना के जहाजों पर समुद्र में 10 दिन बिताए, समुद्री उड़ानों के दौरान उन्हें नेविगेशन और सीमैनशिप के व्यावहारिक पहलुओं पर कठोर प्रशिक्षण से अवगत कराया गया, जिसमें समुद्र में विमान संचालन, लंगर डालना, तटीय नेविगेशन, समुद्र में पुनःआपूर्ति, समुद्री नौकाओं, अग्निशमन और आपातकालीन अभ्यास में नेविगेशन पर जोर दिया गया। कैडेटों केलिए पाल प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी पर दो दिवसीय बंदरगाह प्रशिक्षण की योजना बनाई गई, ताकि उन्हें एक पाल जहाज पर भी जीवन की कठोरतम परिस्थितियों से परिचित कराया जा सके। कैडेटों ने नौसेना प्रमुख केसाथ किसी भी युद्धपोत पर पहलीबार नौकायन के अपने प्रशिक्षण अनुभवों को साझा किया। निदेशक स्टाफ ने उच्च गुणवत्तायुक्त प्रशिक्षण और भारतीय नौसेना के पोतों पर प्राप्त अनुभव की सराहना की।
नौसेना प्रमुख ने भारत में आरएसएनएफ प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए पुष्टि कीकि भारतीय नौसेना केसाथ सऊदी अरब के कैडेटों का प्रथम प्रशिक्षण दोनों देशों केसाथ-साथ दोनों नौसेनाओं केबीच बढ़ती मित्रता का प्रमाण है। उन्होंने सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने के दौरान सऊदी अरब सरकार से प्राप्त सहायता का भी जिक्र किया। दोनों नौसेनाओं केबीच घनिष्ठ संबंधों और सहयोग पर बल देते हुए नौसेना प्रमुख ने कहाकि आरएसएनएफ केसाथ संयुक्त अभ्यास, कार्मिकों का आपसी संवाद और प्रशिक्षण आदान-प्रदान पिछले कुछ वर्ष में बेहतर तरीके से बढ़े हैं और यह दोनों नौसेनाओं केबीच मजबूत संबंध को दर्शाता है। उन्होंने कहाकि दोनों देश समुद्री सुरक्षा के संबंध में समान विचार साझा करते हैं और क्षेत्र में सुरक्षा एवं सुरक्षित समुद्र सुनिश्चित करने केलिए एकदूसरे केसाथ निकटता से कार्य करते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]