स्वतंत्र आवाज़
word map

वंदे भारत व काशी दर्शन ट्रेन बेंगलुरु से रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केएसआर रेलवे स्टेशन से दिखाई झंडी

संपर्क, व्यवसाय और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 11 November 2022 03:38:31 PM

pm narendra modi flagged off from ksr railway station

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु के क्रांतिवीर संगोली रायन्ना यानी केएसआर रेलवे स्टेशन से चेन्नई-मैसुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और भारत गौरव काशी दर्शन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। ये देशकी पांचवीं वंदे भारत एक्सप्रेस और दक्षिण भारत में इस तरह की पहली ट्रेन है। ये चेन्नई के औद्योगिक केंद्र बेंगलुरु के टेक, स्टार्टअप हब और प्रसिद्ध पर्यटन शहर मैसूर केबीच के संपर्क को बढ़ाएगी। कर्नाटक पहला राज्य है, जिसने भारत गौरव योजना केतहत इस ट्रेन को शुरू किया है, जिसमें कर्नाटक सरकार और रेल मंत्रालय मिलकर कर्नाटक से तीर्थयात्रियों को काशी भेजने केलिए कार्य कर रहे हैं। इन तीर्थयात्रियों को काशी, अयोध्या और प्रयागराज जाने केलिए आरामदायक प्रवास और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहाकि मैं कर्नाटक को बधाई देना चाहता हूंकि वो पहला राज्य है, जिसने भारत गौरव काशी यात्रा ट्रेन शुरू की है, ये ट्रेन काशी और कर्नाटक को करीब लाती है। तीर्थयात्री और पर्यटक अब आराम से काशी, अयोध्या और प्रयागराज की यात्रा कर सकेंगे। प्रधानमंत्री केसाथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी भी उपस्थित थे। गौरतलब हैकि वंदे भारत एक्सप्रेस 2.0 कई बेहतरीन और विमान यात्रा जैसे अनुभव प्रदान करती है। ये उन्नत अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस है, जिसमें स्वदेशी रूप से विकसित ट्रेन टक्कर बचाव प्रणाली 'कवच' शामिल है।
वंदे भारत 2.0 ज्यादा उन्नत और बेहतर सुविधाओं से लैस है जैसेकि 0 से 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति केवल 52 सेकंड में हासिल करना और अधिकतम 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार हासिल करना। वंदे भारत एक्सप्रेस 430 टन के पिछले संस्करण की तुलना में और बेहतर है, इसका वजन 392 टन है, इसमें वाई-फाई कंटेंट ऑन डिमांड की सुविधा है। पिछले संस्करण में जहां 24 इंच की स्क्रीन थीं, वहीं नई ट्रेन के हर डिब्बे में 32 इंच की स्कीन हैं, जो यात्री सूचना और इंफोटेनमेंट प्रदान करती हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस पर्यावरण अनुकूल है, क्योंकि इसके एसी 15 प्रतिशत ज्यादा ऊर्जा कुशल हैं। ट्रैक्शन मोटर की धूलरहित स्वच्छ एयर कूलिंग से यात्रा ज्यादा आरामदायक होगी। पहले केवल एग्जीक्यूटिव क्लास के यात्रियों कोही साइड रिक्लाइनर सीट की सुविधा दी जाती थी, जो इसमें सभी श्रेणियों केलिए उपलब्ध कराई गई है। एग्जीक्यूटिव कोच में 180 डिग्री घूमने वाली सीटों की अतिरिक्त सुविधा है।
वंदे भारत एक्सप्रेस के नए डिजाइन में हवा साफ करने केलिए रूफ माउंटेड पैकेज यूनिट में एक फोटो कैटेलिटिक अल्ट्रावायलेट वायुशोधन प्रणाली स्थापित की गई है। सेंट्रल साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट्स ऑर्गनाइजेशन चंडीगढ़ के सुझाव अनुसार इसको डिजाइन और आरएमपीयू के दोनों सिरों पर स्थापित किया गया है, ताकि ताजी हवा और वापसी की हवा में से आरहे कीटाणुओं बैक्टीरिया वायरस आदिसे हवाको फिल्टर और साफ किया जा सके। रेलवे ने नवंबर 2021 के महीने में थीम आधारित भारत गौरव ट्रेनों का संचालन शुरू किया था, जिसका उद्देश्य भारत गौरव ट्रेनों के माध्यम से भारत और दुनिया के लोगों केलिए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शानदार ऐतिहासिक स्थानों को प्रदर्शित करना है। इसका उद्देश्य भारत की विशाल पर्यटन क्षमता का दोहन करने हेतु थीम आधारित ट्रेनों को चलाने में पर्यटन क्षेत्रके पेशेवरों की मुख्य ताकत का लाभ उठाना भी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]