स्वतंत्र आवाज़
word map

देश-दुनिया में भारत की आज़ादी का जश्न!

देश की आजादी के इतिहास में पहली बार लहराया घर-घर तिरंगा

दूतावासों और विदेशियों ने भी जोशपूर्वक लहराया भारत का तिरंगा

Wednesday 17 August 2022 12:09:44 PM

शाश्वत तिवारी

शाश्वत तिवारी

celebration of india's independence in the country and in the world

नई दिल्ली। भारत और दुनियाभर में रहरहे भारतीयों ने तिरंगा फहराकर 76वां स्वाधीनता दिवस और आज़ादी का अमृत महोत्सव मनाया। भारत के इस राष्ट्रीय उत्सव पर राष्ट्रगान हुआ, प्रभात फेरियां निकाली गईं, स्कूलों से लेकर सार्वजनिक संस्थानों, संस्थाओं, गांव-शहर गली-मुहल्लों में लहराते तिरंगें और देशभक्ति के गीतों से भारत की आजादी का जश्न मनाया। हम आज़ाद देश में रहरहे हैं, जिसको पाना आसान नहीं था और जिसके लिए भारतवासियों ने लाखों बलिदान दिए, त्याग किए, अंग्रेजों से यातनाएं सहीं। भारत के वीर सपूतों बहु-बेटियों ने देश केलिए अपने को न्यौछावर कर दिया। भारत की आजादी केलिए वर्षों तक लोमहर्षक संघर्ष हुआ। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, सरदार भगत सिंह जैसे हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने आजाद भारत का सपना पूरा करने में बिता दिया, तब कहीं जाकर भारत ने आजादी देखी। दुनियाभर के देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भारत और भारतीयों को आजादी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दुनियाभर से प्रभात फेरी, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आज़ादी का उत्सव मनाए जाने की ख़बरे आ रही हैं। चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने भारतीय दूतावास पर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीजिंग में भारतीय प्रवासी शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद प्रदीप कुमार रावत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़ा। वहां भारतीय डायस्पोरा के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सिंगापुर में गश्ती पोत आईएनएस सरयू के एक 16 सदस्यीय बैंड ने छह महाद्वीपों में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने केलिए भारतीय नौसेना की पहल के तहत भारतीय उच्चायोग में देशभक्ति के गीत बजाए गए। भारत की आजादी के इतिहास में यह पहला मौका दर्ज किया गया, जब व्यापक पैमाने पर घर-घर तिरंगा और आजादी का महोत्सव अपने चरम पर पहुंचा।
नेपाल में भारतीय काउंसलर प्रसन्ना श्रीवास्तव के राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत हुई। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्र के नाम संबोधन का वाचन किया गया। दूतावास ने भारतीय सशस्त्र बलों के साथ शहीद गोरखा सैनिकों की विधवाओं और उनके परिजनों को एनपीआर 2.65 करोड़ के बकाया का भुगतान करके उन्हें सम्मानित किया। समारोह में दूतावास के स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र और केंद्रीय विद्यालय स्कूल काठमांडू के शिक्षकों और छात्रों ने देशभक्ति के गीत सुने और प्रदर्शनों की प्रस्तुतियां देखीं। भारत पर अपना ज्ञान बढ़ाने केलिए विदेशी भारतीय युवाओं और विदेशी नागरिकों को प्रेरित करने केलिए विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इज़राइल में भारत के राजदूत संजीव सिंगला ने दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और ज्यादा मजबूत करने के प्रयासों पर जोर देते हुए भारतीय समुदाय के लगभग 300 लोगों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया। भारतीय यहूदी समुदाय के लोग भारतीय छात्र और अनिवासी भारतीय कार्यदिवस होनेके बावजूद स्वतंत्रता दिवस मनाने केलिए पूरे इज़राइल से आए थे। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश पढ़ते हुए भारतीय राजदूत ने भारतीय समुदाय के नाम संबोधन में कहाकि उनकी मदद से हम इजराइल केसाथ अपने रणनीतिक संबंधों को गहरा करना जारी रखेंगे। आजादी के जश्न पर भारत ने श्रीलंकाई नेवी को एक डोर्नियर एयरक्राफ्ट सौंपा है। यह एयरक्राफ्ट मैरिटाइम सर्विलांस यानी समुद्री निगरानी में काम आता है। हैंडओवर सेरेमनी में श्रीलंकाई राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और इंडियन नेवी के वाइस चीफ वाइस एडमिरल एसएन घोरमडे की उल्लेखनीय मौजूदगी रही।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]