स्वतंत्र आवाज़
word map

रेलवे खोलेगा विश्वस्तरीय कुश्ती अकादमी

उन्नत प्रशिक्षण सुविधा युक्त देश की सबसे बड़ी अकादमी होगी

दिल्ली के किशनगंज में 30.76 करोड़ रूपये की परियोजना मंजूर

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 12 February 2022 02:13:57 PM

railways will open world class wrestling academy (file photo)

नई दिल्ली। रेल मंत्री ने खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ खेल सुविधाएं प्रदान करने केलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप भारतीय रेलवे के पहलवानों को जल्द से जल्द अत्याधुनिक कुश्ती अकादमी उपलब्ध कराने केलिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। रेल मंत्री ने रेलवे में विश्वस्तरीय कुश्ती अकादमी स्थापित करने की प्रतिबद्धता को पूरा करने केलिए दिल्ली के किशनगंज में लगभग 30.76 करोड़ रूपये की लागत से एक परियोजना को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहाकि यह रेलवे केलिए एक और उपलब्धि होगी, विशेष रूपसे कुश्ती केलिए स्थापित यह अकादमी उन्नत प्रशिक्षण सुविधाओं से युक्त देश की सबसे बड़ी अकादमी होगी और। आनेवाले समय में यह अकादमी कई नए पहलवानों को चैंपियन बनने का अवसर प्रदान करेगी।
गौरतलब हैकि रेलवे ने भारत में कुश्ती को बढ़ावा देने में एक उच्चस्तर की भूमिका निभाई है और अधिकांश प्रख्यात पहलवान रेलवे से ही हैं। भारत केलिए ओलंपिक की कुश्ती प्रतिस्पर्धा में भारतीय रेलवे के सुशील कुमार (2008 व 2012), साक्षी मलिक (2016), रवि कुमार और बजरंग पूनिया (2020) ने अधिकांश पदक जीते हैं। हालिया टोक्यो ओलंपिक 2020 में रेलवे के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा है। भारत के जीते गए 7 पदकों में से 3 व्यक्तिगत पदक मीराबाई चानू (भारोत्तोलन में रजत), रवि कुमार (कुश्ती में रजत), बजरंग पूनिया (कुश्ती में कांस्य) और कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी पुरुष टीम में दो खिलाड़ी भारतीय रेलवे से थे।
रेलवे खेलकूद संवर्द्धन बोर्ड के जरिए भारतीय रेल बड़े पैमाने पर देश में खेलों को बढ़ावा देने में अपना योगदान दे रही है। रेलवे ने विभिन्न प्रोत्साहनों केसाथ नौकरी की सुरक्षा देकर बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहायता की है। वर्तमान में भारतीय रेल में 29 खेलों में 9000 से अधिक खिलाड़ी रोल पर हैं। रेलवे के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों आदि जैसे सभी प्रमुख खेल आयोजनों में देश केलिए गौरव प्राप्त किया है। उत्कृष्ट खेल की उपलब्धियों केलिए रेलवे के खिलाड़ियों को कुल 27 पद्मश्री, 176 अर्जुन, 12 ध्यानचंद, 14 द्रोणाचार्य और 9 मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]