स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-अमेरिकी नौसेना संबंध और प्रगाढ़ हुए

हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे भारत व यूएस

अमेरिकी नौसेना के उच्‍चस्‍तरीय प्रति‍निधिमंडल ने मुंबई का दौरा किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 16 October 2021 05:00:30 PM

adm michael gilday visited headquarters western naval command mumbai

मुंबई। अमेरिकी नौसेना के नौसेना संचालन प्रमुख एडमिरल माइकल गिल्डे, लिंडा गिल्‍डे और एक उच्‍चस्‍तरीय अमरीकी प्रति‍निधिमंडल ने 15 अक्तूबर को मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान के मुख्यालय का दौरा किया। अमरीकी प्रति‍निधिमंडल ने पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल आर हरि कुमार और उनके स्‍टाफ से वार्तालाप किया, जिसमें दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत करने, समुद्री मोर्चे की चुनौतियों से निपटने एवं हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग के साथ-साथ आपसी संबंधों को और ज्यादा बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
अमरीकी प्रति‍निधिमंडल को हाल के दिनों में पश्चिमी नौसेना कमान की क्षेत्रीय सुरक्षा गतिशीलता और परिचालन प्रतिक्रियाओं के बारेमें जानकारी दी गई, इसमें विशेष रूपसे मित्रवत विदेशी देशों को मानवीय सहायता और आपदा राहत, समुद्री डकैती रोधी अभियान, समुद्री सुरक्षा और इस क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के अलावा भारत-अमेरिका सहयोग पर विशेष बल देने के साथ-साथ विदेशी सहयोग को मजबूत करना शामिल है। इसके अलावा कोविड-19 के खिलाफ अपनी लड़ाई को मजबूत करने और देश में कंटेनरीकृत मेडिकल ऑक्सीजन को लाते हुए इसकी कमी को समाप्‍त करने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु-II के माध्यम से भारतीय नौसेना के जहाजों की निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्‍लेख किया गया।
सीएनओ ने 'फ्यूचर ऑफ वारफेयर' पर वीडियो कॉंफ्रेंस के माध्‍यम से पश्चिमी नौसेना कमान, दक्षिणी नौसेना कमान और भारतीय नौसेना के विभिन्न प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों के अधिकारियों को भी संबोधित किया। उन्होंने मझगांव डॉक लिमिटेड का भी दौरा किया। लिंडा गिल्डे ने एचक्यूडब्ल्यूएनसी का दौरा किया और भारतीय नौसेना की महिला अधिकारियों के साथ संवाद किया। सीएनओ की यात्रा भारत और अमेरिका के बीच निरंतर और नियमित रूपसे जारी वार्तालाप का एक महत्‍वपूर्ण अंग है, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत किया जा सके।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]