स्वतंत्र आवाज़
word map

'हाइड्रोग्राफी में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के सौ वर्ष'

समुद्र में सुरक्षित नौवहन में हाइड्रोग्राफी का उल्लेखनीय योगदान

अंडमान निकोबार कमांड में विश्व हाइड्रोग्राफी शताब्दी समारोह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 22 June 2021 01:54:21 PM

hundred years of international cooperation in hydrography

पोर्ट ब्लेयर। भारतीय नौसेना की अंडमान एंड निकोबार कमांड में कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अजय सिंह ने विश्व हाइड्रोग्राफी दिवस पर आयोजित शताब्दी समारोह में भाग लिया। यह समारोह भारतीय नौसेना की हाइड्रोग्राफिक बिरादरी की हर साल संबंधित कमानों में समन्वित कार्यक्रमों की एक श्रृंखला के माध्यम से मनाया जाता है, ताकि हाइड्रोग्राफी यानी जल-सर्वेक्षण के बारे में जागरुकता फैलाई जा सके और समुद्र में सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करने में इसके उल्लेखनीय योगदान के साथ नौसेना हाइड्रोग्राफिक संगठन की उपलब्धियों और योगदान को प्रदर्शित किया जा सके। इस वर्ष समारोह का विषय 'हाइड्रोग्राफी में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के 100 वर्ष' है।
लेफ्टिनेंट जनरल अजय सिंह ने हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षणों के माध्यम से हिंद महासागर क्षेत्र में तटवर्ती लोगों के बीच क्षमता निर्माण पहलों में भारतीय नौसेना हाइड्रोग्राफिक संगठन की मित्र राष्ट्रों के कर्मियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सराहना की। इन सर्वेक्षणों से नीति आयोग के तहत अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में टिकाऊ विकास के लिए सागरमाला परियोजना को बढ़ावा मिलेगा। अंडमान एवं निकोबार कमान मुख्यालय के तहत पोर्ट ब्लेयर में हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण इकाई इन द्वीपों के आसपास के सर्वेक्षणों केलिए उत्तरदायी है और हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षणों की रिपोर्टों के संचालन, विश्लेषण और तैयारी के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से पूरी तरह सुसज्जित है।
अंडमान समूह द्वीपों में हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण इकाई ने चार स्थानों-शहीद द्वीप, स्वराज द्वीप, हट बे और लांग आईलैंड में उपयुक्त समुद्री विमान लैंडिंग स्थलों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के तहत भारत की प्रतिष्ठित परियोजना आरसीएस 3.0-उड़ान के लिए सफल सर्वेक्षण किया है, इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय नौसेना की दक्षिणी नौसेना कमान के हाइड्रोग्राफी जहाज सतलुज और पूर्वी नौसेना कमान से निरूपक वर्तमान में अप्रैल 2021 से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण के लिए तैनात हैं। ये जहाज अंडमान एवं निकोबार द्वीपों के नौवहन चार्ट का सर्वेक्षण करने और उन्हें अपडेट करने के लिए अत्याधुनिक मल्टी-बीम बैथीमेट्रिक डेटा अधिग्रहण प्रणालियों का उपयोग करते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]