स्वतंत्र आवाज़
word map

'एशिया में पर्वतों व समुद्र से चिह्नित भारत'

सिक्किम और पश्चिम बंगाल पर्यटन सूची में पसंदीदा राज्य

'पर्वतों से मैंग्रोव तक 1000 किलोमीटर की यात्रा' वेबिनार

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 4 May 2021 01:37:10 PM

favorite states in sikkim and west bengal tourism list

नई दिल्ली। पर्यटन मंत्रालय की देखो अपना देश वेबिनार श्रृंखला के अंतर्गत 'माउंटेंस टू मैंग्रोवेस-अ जर्नी ऑफ 1000 किलोमीटर' शीर्षक पर 86वां वेबिनार हुआ। पर्वतों और समुद्र से चिह्नित भारत, एशिया के बाकी हिस्से से अलग है, ये देश को एक विशिष्ट भौगोलिक पहचान देते हैं। भारत उत्तर में महान हिमालय से घिरा हुआ है और यह दक्षिण की ओर कर्क रेखा तक फैला हुआ है। पूर्व में बंगाल की खाड़ी और पश्चिम में अरब सागर के बीच यह हिंद महासागर की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे घटता जाता है। भारत में प्रत्येक राज्य अपने परिदृश्य, विरासत, कला एवं शिल्प और खानपान में एक-दूसरे से अलग हैं और यात्रा करने को लेकर उत्साही लोगों के लिए विभिन्न पर्यटन विकल्प प्रदान करते हैं। वेबिनार में पर्वतों से मैंग्रोव तक 1000 किलोमीटर की यात्रा दो सबसे सुरम्य राज्य- पश्चिम बंगाल और सिक्किम पर केंद्रित थी।
हिमालय पर्वत श्रेणी के सिक्किम से शुरू होकर यह अद्भुत यात्रा पहाड़ों की रानी दार्जिलिंग होते हुए दक्षिण में तटीय क्षेत्र में गंगा के मैदानों से विश्व के सबसे बड़े डेल्टा सुंदरवन में पूरी हुई। सुंदरवन को रॉयल बंगाल टाइगर के प्राकृतिक आवास के रूपमें जाना जाता है। आध्यात्मिकता, अद्भुत परिदृश्य, चाय बगान, ट्रेकिंग ट्रेल्स, यूनेस्को विश्वधरोहर स्थल-दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे एवं सुंदरवन नेशनल पार्क, पश्चिम बंगाल की विरासत एवं औपनिवेशिक समृद्ध वास्तुशिल्प के खजाने से होकर यह यात्रा हुई। सिक्किम और पश्चिम बंगाल पर्यटन सूची में सबसे पसंदीदा राज्यों में है। ये दोनों राज्य पर्यटन की एक विस्तृत श्रृंखला पेश करते हैं, जिसमें साहसिक, आध्यात्मिकता, विरासत, वन्य जीवन और कई अन्य विशेषताएं शामिल हैं। सिक्किम राज्य को प्राकृतिक विपुलता का आशीर्वाद प्राप्त है, इसमें विश्व का तीसरा सबसे ऊंचा शानदार पर्वत कंचनजंघा, फूलों की अल्पाइन घास के मैदान और पहाड़ी झीलें आदि शामिल हैं।
सिक्किम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में राज्य की राजधानी गंगटोक, पेलिंग, लाचुंग, लाचेन, युमथांग, नाथूला दर्रा, गुरुडोंगमार झील हैं। विदेशियों को सिक्किम जाने के लिए पहले इनर लाइन परमिट के रूपमें प्रतिबंधित क्षेत्र परमिट लेना जरूरी होता है। सिक्किम राज्य और परमिट के बारे में अधिक जानकारी को सिक्किम पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sikkimtourism.gov.in/ पर प्राप्त किया जा सकता है। पश्चिम बंगाल राज्य के पास समृद्ध इतिहास, अद्भुत परिदृश्य, विरासत वास्तुकला, अलंकार कला एवं शिल्प, जीवंत लोक उत्सव, संगीत-थिएटर-नाटक, पारंपरिक उत्सव, स्वादिष्ट खानपान और भी काफी कुछ है। इस राज्य के स्थलों की सूची अंतहीन हैं, इनमें कुछ स्थल के नाम हैं-दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (यूनेस्को विश्व विरासत स्थल), कलिम्पोंग, दुआर्स, जाल्दापारा, मालदा, बिष्णुपुर, शांतिनिकेतन, कोलकाता-सिटी ऑफ जॉय, सुंदरबन (यूनेस्को विश्व विरासत स्थल) और दीघा समुद्री तट।
वेबिनार को इम्प्रेशन टूरिज्म सर्विसेज (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एवं सीईओ देबाजीत दत्ता ने प्रस्तुत किया था। वे अनुभवात्मक एवं साहसिक पर्यटन के विशेषज्ञ और सतत पर्यटन अभ्यास के एक हिस्से के रूपमें स्वैच्छिक परियोजना सेवाएं और सामुदायिक पर्यटन पहल प्रदान करते हैं। देखो अपना देश वेबिनार श्रृंखला को इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राष्ट्रीय ई-शासन विभाग के साथ तकनीकी भागीदारी में प्रस्तुत किया जाता है। वेबिनार के सत्र https://www.youtube.com/channel/UCbzIbBmMvtvH7d6Zo_ZEHDA/featured पर उपलब्ध हैं, इसके अलावा भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सभी सोशल मीडिया हैंडल पर भी उपलब्ध हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]