आम लोगों के बीच आयुर्वेद को अधिक से अधिक स्वीकार्य बनाना है
आयुष विभाग के तत्वावधान में विनोबा सेवा प्रतिष्ठान में आयुर्वेद पर्वस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 31 March 2021 03:15:33 PM
भुवनेश्वर। विनोबा सेवा प्रतिष्ठान ने जीवनशैली से संबद्ध रोगों के उपचार के लिए आयुर्वेद को मुख्यधारा की पद्धति के तौरपर बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में भुवनेश्वर में तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व का आयोजन किया, जिसका उद्घाटन पद्म विभूषण डॉ रघुनाथ महापात्रा सदस्य राज्यसभा, नाबा किशोर दास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ओडिशा सरकार और त्रिलोचन माझी निदेशक आयुष ओडिसा सरकार ने किया था। इस अनोखी पहल का उद्देश्य न केवल आम लोगों के बीच आयुर्वेद को अधिक से अधिक स्वीकार्य बनाना है, बल्कि इसे वर्तमान जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के उपचार की मुख्य पद्धति के तौरपर भी लोकप्रिय बनाना है। आयुष मंत्रालय ने इस कार्यक्रम के लिए अपनी ओर से पूर्ण समर्थन दिया है।
आयुर्वेद पर्व में विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं ने लगभग 25 शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस पहल से लोगों में जबर्दस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली और हजारों मरीजों ने आयुर्वेदिक उपचार पद्धति के प्रति अपना भरोसा व्यक्त किया। इस दौरान उनकी बीमारियों का निदान भी किया गया और दवाएं भी दी गईं। कार्यक्रम में कोविड महामारी की वर्तमान परिस्थितियों में आयुर्वेद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कोविड-19 महामारी ने विश्व स्तरपर जनसंख्या को प्रभावित किया है और यह सभी देशों के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। कार्यक्रम के समापन पर ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ सूर्यनारायण पात्रो और विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।