स्वतंत्र आवाज़
word map

जैविक खेती मेले में विशेषज्ञों ने दिए टिप्स

इंदौर में आर्गेनिक एक्सपो-2021 में जैविक खेती का बाज़ार

नई तकनीकों के साथ लौट रहा है जैविक खेती का ज़माना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 20 March 2021 01:59:37 PM

organic farming market at organic expo -2021 in indore

इंदौर। मिशन हेल्दी इंडिया के देश के सबसे बड़े जैविक कृषि ज्ञान सम्मेलन का तीसरा दिन प्रमुख वक्ताओं में महत्वपूर्ण जानकारियों के आदान-प्रदान के साथ समाप्त हुआ। इस दौरान जैविक खेती एवं बाजार तंत्र विषय पर वैश्विक जैविक लीडर मनोहर शोटे, जैविक खेती की समग्र अवधारणा पर युवा वैज्ञानिक पवन टाक, कुटीर खाद प्रसंस्करण इकाई एवं आर्थिक चक्र के विषय पर प्रवर्तक और उद्यमी वरुण रहेजा ने जबकि जहर नहीं विषय पर तांबेजी तथा जैविक कीटरोग एवं खरपतवार नियंत्रण विषय पर कृषक और उद्यमी रवि केलकर ने संबंधित विषयों के अतिआवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की। एक्सपो का प्रमुख आकर्षण जैविक शपथ सेल्फी जोन है, जिसमें आमजनों को जैविक शपथ दिलाई जा रही है।
कृषि ज्ञान सम्मलेन की शुरुआत वैश्विक जैविक लीडर मनोहर शोटे के सम्बोधन से हुई। उन्होंने जैविक खेती के प्रमाणीकरण के अलग-अलग तरीके बताए। उन्होंने इंटरनेशनल मार्केट में जैविक उत्पादों को मिलने वाली सुविधाओं का जिक्र किया और जैविक ग्रुप फार्मिंग और ग्रुप सर्टिफिकेशन के लिए भारत सरकार की सुविधाओं के बारे में भी बताया। जैविक खेती की समग्र अवधारणा पर युवा वैज्ञानिक पवन टाक ने बीज, खाद, दवाई और खेत पर ही बाज़ार का निर्माण करने के उपाए बताए। उन्होंने कहा कि अच्छा बीच, अच्छा खाद, कम्पोस्टिंग पद्धति से गुणवत्तापूर्ण और अधिक मात्रा में तैयार किया जा सकता है। उन्होंने अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि किसान को किसी भी विकट परिस्थिति में समाधान ढूंढने की कोशिश करनी चाहिए।
आर्गेनिक एक्सपो-2021 में किसानों के उत्पादों की प्रदर्शनी और जैविक कंपनियों के स्टाल हैं, जहां जैविक कृषि कर रहे किसानों के उत्पाद विक्रय किए जा रहे हैं। जैविक कृषि ज्ञान सम्मलेन का मुख्य उद्देश्य जैविक खेती के साथ आर्गेनिक उत्पादों के अधिक उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना है। आर्गेनिक एक्सपो में घी-तेल, नमक जैविक खेती से तैयार मसाले, पूजा पाठ सामग्री, फल-सब्जियां तक हैं। एक्सपो में आगे गौ आधारित जैविक खेती का प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा, जिसमें उन्नत किस्म के पशुओं की प्रदर्शनी, गोबर, गौमूत्र, फसल अवशेष के माध्यम से निर्मित विभिन्न प्रकार की जैविक खादों तथा जैविक सूक्ष्म पोषकतत्वों के निर्माण की विधि का प्रदर्शन भी होगा। जैविक एक्सपो में जैविक सब्जी मंडी एवं फ़ूड ज़ोन भी मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]