स्वतंत्र आवाज़
word map

प्रवासी भारतीयों केलिए यूनीफाइड वेबपोर्टल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष पोर्टल का प्रस्तुतिकरण

प्रवासी भारतीयों के लिए पोर्टल पर मिलेंगी विभिन्न सुविधाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 25 June 2020 11:36:47 AM

presentation of unified web portal for overseas indians to cm yogi adityanath

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रवासी भारतीयों के लिए राज्य के प्रवासी भारतीय विभाग के यूनीफाइड वेब पोर्टल का प्रस्तुतिकरण दिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतिकरण देखकर आशा व्यक्त की कि अब प्रवासी भारतीयों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं इस एक ही पोर्टल पर उपलब्ध हो सकेंगी। प्रस्तुतिकरण देखकर मुख्यमंत्री ने उसमें कुछ सूचनाएं अद्यतन कराईं और इसे शीघ्र लॉंच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को मनाए जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के सम्बंध में भी इसमें आवश्यक जानकारी शामिल की जाए, साथ ही उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोज़गार) आयोग की भी सभी सूचनाएं इस पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों के लिए सभी आवश्यक सूचनाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराना और राज्य में उनकी गतिविधियों को सुगम बनाना भी है। 
अपर मुख्य सचिव प्रवासी भारतीय विभाग आलोक कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुतिकरण करते हुए बताया कि यूनीफाइड वेब पोर्टल का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश की पूर्व में संचालित 3 वेबसाइटों को इंटीग्रेट कर एक सिंगल प्लेटफार्म पर लाना है, उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीयों को एक यूनीफाइड ऑनलाइन सॉल्यूशन उपलब्ध कराना है, जहांसे वे उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न सेवाओं के लाभ ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से विश्वभर में रह रहे उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीयों का एक डेटाबेस तैयार किया जाएगा, ताकि इसका उपयोग समय-समय पर किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निवेश के प्रोत्साहन हेतु विभागों के विभिन्न कार्यक्रमों, निवेशोन्मुखी नीतियों का विदेश में बसे प्रवासी भारतीयों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जानकारी दी गई कि विदेशों में बसे प्रवासी भारतीयों को निवेश मित्र (उद्योग बंधु), एमएसएमई, पर्यटन, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग, गृह एवं सूचना विभाग के पोर्टल से लिंक किया गया है और इसमें एनआरआई कनेक्ट के माध्यम से प्रमुख विभागों के नोडल अधिकारियों की सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्हें बताया गया कि सभी विभागीय सुविधाएं जैसे यूपी एनआरआई कार्ड, प्रवासी भारतीय रत्न पुरस्कार तथा प्रवासी भारतीय दिवस में शामिल होने के लिए पोर्टल के माध्यम से ‌ही आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत किए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव का कहना है कि उत्तर प्रदेश से विदेशों में रोज़गार हेतु जाने वाले लगभग 30 प्रतिशत कामगारों अप्रवासी भारतीयों की विभिन्न समस्याओं के गुणवत्तापरक निस्तारण में यह पोर्टल सहायक सिद्ध होगा।
अपर मुख्य सचिव प्रवासी भारतीय विभाग ने बताया कि अयोध्या के दीपोत्सव और बरसाने की होली की लाइव स्ट्रीमिंग भी इस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। प्रवासी भारतीयों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखने एवं प्रदेश में उनके मूल को खोजने हेतु ट्रेस योर रूट की सुविधा पर्यटन विभाग के माध्यम उपलब्ध कराई गई है। बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]