स्वतंत्र आवाज़
word map

चंद्रयान-2 का चंद्रमा की निर्धारित कक्षा में प्रवेश

सात सितंबर को चंद्रयान-2 की चंद्रमा पर सहज लैंडिंग होगी

इसरो के अध्यक्ष ने बेंगलुरु में मीडिया को दी जानकारी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 21 August 2019 02:02:50 PM

chandrayaan-2 enters the scheduled orbit of the moon

बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्‍यक्ष डॉ के सिवन ने चंद्रयान-2 के चंद्रमा की कक्षा में पहुंच जाने पर बेंगलुरु में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है कि भारत का दूसरा चंद्र मिशन चंद्रयान-2 ने चंद्रमा की निर्धारित कक्षा में प्रवेश कर लिया है। उन्‍होंने कहा कि चंद्रमा की कक्षा में पहुंचकर चंद्रयान-2 ने एक प्रमुख उपलब्धि अर्जित कर ली है और इसरो का लक्ष्‍य है कि चंद्रयान-2 को 7 सितंबर को रात 1 बजकर 55 मिनट पर चंद्रमा पर उतार दिया जाए। उन्‍होंने कहा कि चंद्रयान-2 की सहज लैंडिंग चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट होगी।
इसरो अध्यक्ष डॉ के सिवन ने कहा कि 2 सितम्‍बर को अगली प्रमुख गति‍विधि उस समय होगी, जब ओर्बिटर से लैंडर अलग होगा। इसरो अध्‍यक्ष ने कहा कि इसरो इस लैंडिंग मिशन के प्रति पूर्ण रूपसे आश्‍वस्‍त है, उसने सहज लैंडिंग के लिए पर्याप्‍त अभ्‍यास किए हैं। उन्‍होंने कहा कि चंद्रयान-2 चार अन्‍य स्थिति परिवर्तन करेगा, पहला स्थिति परिवर्तन आज, उसके बाद 28 अगस्‍त 30 अगस्‍त और एक सितम्‍बर को होगा। उल्‍लेखनीय है कि वर्ष 2008 में चंद्रयान-1 के बाद इसरो का यह दूसरा चंद्र मिशन है। चंद्रयान-2 को इस साल 22 जुलाई को श्रीहरिकोटा से लॉंच किया गया था। यह अपने साथ एक आर्बिटर, ‘विक्रम’ लैंडर और ‘प्रज्ञान’ रोवर साथ ले गया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]