भारतीय नौसेना अकादमी की प्रतिष्ठित नौका प्रतियोगिता
अंतर्राष्ट्रीय एडमिरल कप में भाग लेंगी 31 देशों की नौसेनाएंस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 1 December 2018 05:34:19 PM
कन्नूर (केरल)। भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला की वार्षिक रूपसे आयोजित कीजाने वाली प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय सैन्य एडमिरल कप नौका दौड़ प्रतियोगिता का नौंवा संस्करण 2 से 6 दिसम्बर 2018 तक इट्टिकुलुम की खाड़ी में आयोजित किया जाएगा। नौका दौड़ में लेज़र यानी रेडियल श्रेणी में 31 विदेशी नौसेना अकादमी भाग लेंगी। भारतीय नौसेना ने ‘बेड़ा दौड़’ के रूपमें एडमिरल कप नौका दौड़ प्रतियोगिता 2010 में सिंगल क्रू ओलम्पिक क्लास ‘लेसर रेडियल’ में प्रारंभ की थी। उस समय इसमें विदेश की 8 नौसेना अकादमियों ने भाग लिया था।
सैन्य एडमिरल कप नौका दौड़ प्रतियोगिता में इस वर्ष 31 देश भाग ले रहे हैं-ऑस्ट्रलिया, बांग्लादेश, ब्राजील, कनाडा, मिस्र, फ्रांस, इंडोनेशिया, इस्राइल, जापान, मलेशिया, म्यामांर, नाइजीरिया, ओमान, पोलैंड, श्रीलंका, ब्रिटेन, अमरीका, सऊदी अरब, मालदीव, कतर, जर्मनी, इटली, संयुक्त अरब अमीरात, वियतनाम, बुल्गारिया, पुर्तगाल, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर, बहरीन, ईरान तथा चीन। प्रतियोगिता में भारत से दो टीमें आईएनए तथा एनडीए भाग लेंगी। एडमिरल कप श्रृंखलाओं में इस वर्ष की एडमिरल कप स्पर्धा में सबसे अधिक संख्या में टीमें भाग लेंगी। रियो डी जिनिरो, ब्राजील में 2011 में आयोजित सैन्य विश्व खेलों में 26 देशों ने भाग लिया था। विभिन्न टीमें चार दिन में 16 स्पर्धाओं में भाग लेंगी और प्रत्येक देश की ओर से दो नौकाएं उतारी जाएंगी।
प्रतिष्ठित एडमिरल कप संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर चैम्पियनशिप का खिताब जीतने वाली टीम को प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत पदक भी दिए जाएंगे। विभिन्न देशों की टीमें पहली दिसम्बर 2018 को आईएनए पहुंचेगी। रविवार दो दिसम्बर 2018 को टीम के सदस्यों का पंजीकरण होगा, प्रैक्टिस रेस होगी और उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। स्पर्धा दौड़ तीन दिसम्बर से छह दिसम्बर 2018 तक चलेगी। बड़ी संख्या में टीमों के शामिल होने के कारण एडमिरल कप प्रतियोगिता-2018 उत्साहजनक और चुनौतीपूर्ण होगी। प्रतियोगिता में बुल्गारिया की टीम पहली बार भाग ले रही है। स्पर्धा में 2017 की विजेता टीम अमरीका के समक्ष खिताब बरकरार रखने की चुनौती होगी।