स्वतंत्र आवाज़
word map

नौसेना अकादमी एझिमाला में भव्य परेड

एडमिरल अनिल चावला ने किया परेड का निरीक्षण

मेधावी मिडशिपमैनों और कैडेट्स को दिए मेडल

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 27 November 2018 12:20:24 PM

naval academy ejimala, grand parade

कन्नूर (केरल)। भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला में भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ, जो तंजानिया के एक अंतर्राष्ट्रीय कैडेट सहित भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक के 317 मिडशिपमैनों एवं कैडेट्स के प्रशिक्षण की समाप्ति का प्रतीक मानी जाती है। उत्तीर्ण मिडशिपमैन और कैडेट वसंतकाल 2018 के चार विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित हैं जैसे-भारतीय नौसेना अकादमी पाठ्यक्रमों में बीटेक, एमएससी, नौसेना समन्वय पाठ्यक्रम विस्तारित और नौसेना समन्वय पाठयक्रम नियमित। परेड में 16 महिला कैडेट भी शामिल थीं, जो भारतीय नौसेना के रैंक में शामिल होने के लिए पुरुष समकक्षों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मार्च कर रही थीं।
दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमान प्रमुख वाइस एडमिरल अनिल कुमार चावला ने इस शानदार परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने 9 मेधावी मिडशिपमैनों और कैडेट्स को मेडल प्र्रदान किए। एडमिरल अनिल कुमार चावला ने इस अवसर पर पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण कैडेट्स को बधाई दी और उन्हें भारतीय नौसेना के बुनियादी मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और साहस को आत्मसात करने की प्रेरणाएं भी दीं। पासिंग आउट परेड में आईआईटी गांधीनगर के निदेशक डॉ सुधीर के जैन, वाइस एडमिरल आरबी पंडित, एवीएसएम, कमांडेंट, भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। गौरतलब है कि यह एशिया की सबसे बड़ी नौसेना अकादमी है, जो दक्षिण भारत के केरल राज्य के कन्नूर जिले में है। यहां भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल में शामिल सभी अधिकारियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों के तहत बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]