स्वतंत्र आवाज़
word map

न्यायमूर्ति गोविंद माथुर को सीजे पद की शपथ

राज्यपाल ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में शपथ दिलाई

न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने हिंदी भाषा में शपथ ली

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 15 November 2018 12:37:09 PM

governor administers oath to justice govind mathur

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने प्रयागराज स्थित इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक समारोह में न्यायमूर्ति गोविंद माथुर को मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति गोविंद माथुर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनने से पूर्व राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहे हैं और नवम्बर 2017 में यहां आए। वे इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 47वें मुख्य न्यायाधीश हैं और देश की आज़ादी के बाद 34वें मुख्य न्यायाधीश हैं। न्यायमूर्ति गोविंद माथुर को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीबी भोसले के सेवानिवृत्त होने के पश्चात इलाहाबाद उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था।
राज्यपाल राम नाईक ने इस कार्यक्रम के पहले इलाहाबाद उच्च न्यायालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और बाद में प्रयागराज में देश के प्रथम प्रधानमंत्री रहे पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवम्बर को तत्कालीन जनपद इलाहाबाद में हुआ था। यह संयोग है कि पंडित नेहरू के जन्म दिवस पर राज्यपाल प्रयागराज में न्यायमूर्ति गोविंद माथुर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाने गए थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि जिन्होंने भी देश की सेवा की है, उनके प्रति उनके मन में आदर है। न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने अपने न्याय कक्ष में हिंदी में शपथ ली। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं अधिवक्तागण भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]