स्वतंत्र आवाज़
word map

लखनऊ का सिरमौर है गंज कार्निवाल-नाईक

लखनऊ के नागरिकों और बाल प्रतिभाओं का सम्मान

हजरतगंज में गंज कार्निवाल का एक वर्ष पूरा हुआ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 30 May 2016 01:56:04 AM

carnival ganj in hazratganj

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने हजरतगंज लखनऊ में गंज कार्निवाल के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह का उद्घाटन किया। राज्यपाल ने कहा कि लखनऊ का गंज कार्निवाल निरंतर सफलता का आयाम तय करते हुए मेगा कार्निवाल में परिवर्तित हो रहा है। इसे एक साल में बड़ी सफलता और लोकप्रियता मिली है। गंज कार्निवाल लखनऊ की विशेषता है कि यहां सांस्कृतिक उत्सव लगातार होते रहते हैं, इस सफलता के लिए जिला प्रशासन व सहयोगी संस्थाएं बधाई की पात्र हैं। इस अवसर पर प्रमुख सचिव पर्यटन एवं सूचना नवनीत सहगल, मंडलायुक्त वेंकटेश, जिलाधिकारी राजशेखर तथा सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह के एक आकर्षण गायक जावेद अली भी थे, जिन्होंने अपनी प्रस्तुति दी।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि वे इससे पूर्व एक बार गंज कार्निवाल में आ चुके हैं। समारोह में लखनऊ का नाम रोशन करने वाले एवं शोभा बढ़ाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया तथा मेधावी बच्चों का भी अभिनंदन हुआ। राज्यपाल ने कहा‌ कि लखनऊ का खान-पान, रहन-सहन एवं संस्कृति अपने आप में विशेष है। जैसे दिल्ली देश की राजनैतिक राजधानी है, काशी सांस्कृतिक राजधानी है, मुंबई आर्थिक राजधानी है उसी तरह लखनऊ कला की नगरी है। उन्होंने कहा कि गंज कार्निवाल हजरतगंज लखनऊ का सिरमौर है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पर्यटन एवं सूचना नवनीत सहगल ने कहा कि लखनऊ को पर्यटन से जोड़ने के लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं चलाई हुई हैं।
राम नाईक ने कहा कि लखनऊ धरोहरों का शहर है, जहां पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, इसी दृष्टि से गोमती नदी के घाटों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। कार्निवाल में मंडलायुक्त वेंकटेश व जिलाधिकारी राजशेखर ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर लखनऊ की संस्कृति और विशेषता को बढ़ाने वाले अमृतलाल नागर, भगवतीचरण वर्मा, श्रीलाल शुक्ल को मरणोपरांत, पद्मश्री मुज्जफर अली, योगेश प्रवीन, सैय्यद इकराम, हुसैन रिज़वी, रूमा बनर्जी, विपुल वार्ष्णेय, पूर्णिमा पांडेय, कुमकुम आदर्श, अंजलि त्रिपाठी, शमीम आरजू एवं पांच मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। समारोह में गंज कार्निवाल की द्विभाषीय काफी टेबल बुक का लोकार्पण भी किया गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]