स्वतंत्र आवाज़
word map

दुनिया में फैली है लखनऊ की तहज़ीब

राज्यपाल ने हजरतगंज में गंज कार्निवाल देखा

कलाकार संजू सिंह ने चित्र बनाकर भेंट किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 19 October 2015 06:46:16 AM

governor ram naik in hazhrtganj carnival

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने हजरतगंज में गंज कार्निवाल का दीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखे। राज्यपाल ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि नृत्य देखकर एवं लाउनी संगीत सुनकर ऐसा लगा कि जैसे मैं मुंबई में हूं। उन्होंने गंजिग शब्द के बारे में कहा कि यह शब्द किस भाषा का है, इसके लिए मैंने अंग्रेजी शब्दकोष भी देखा, परंतु यह शब्द शब्दकोष में नहीं मिला। उन्होंने कहा कि गंजिग शब्द लखनऊ की ज़ुबान है, लखनऊ गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है, यहां से कला पूरी दुनिया में फैली है।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि कला से जीवन में आनंद का प्रसार होता है, आजकल नवरात्रि में मां की पूजा अर्चना की जाती है तथा दशहरे के दिन विजयदशमी मनाई जाती है, परंतु यहां भारी संख्या में उपस्थित लखनऊवासियों तथा कलाकारों की प्रस्तुति देखकर लगता है कि विजयोत्सव मनाया गया है। राज्यपाल ने दशहरे की शुभेच्छाएं दीं तथा भारतीय नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाला वर्ष सभी के लिए आनंद एवं सुखदायक हो। कार्यक्रम में कलाकार संजू सिंह ने राज्यपाल का चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया। राज्यपाल ने जिलाधिकारी राजशेखर एवं जिला प्रशासन को ऐसे सुंदर आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी कुंदा नाईक, मंडलायुक्त लखनऊ महेश कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी लखनऊ राजशेखर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश पांडे सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]