स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 2 June 2025 01:12:38 PM
नई दिल्ली/ विजयपुरम। भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने अंडमान और निकोबार कमान के 18वें कमांडर इन चीफ का पदभार ग्रहण कर लिया है। श्री विजयपुरम स्थित अंडमान और निकोबार कमान, भारत की पहली और एकमात्र त्रिसेवा ऑपरेशनल कमान है, जो थलसेना, नौसेना, वायुसेना और तटरक्षक बल को आपस में जोड़ती है। यह कमान रणनीतिक रूपसे महत्वपूर्ण हिंद महासागर क्षेत्रमें राष्ट्रीय हितों की रक्षा करती है। लेफ्टिनेंट जनरल राणा को 19 दिसंबर 1987 को गढ़वाल राइफल्स की 10वीं बटालियन में नियुक्ति मिली थी और बाद में उन्हें उसी बटालियन की कमान संभालने का सम्मान भी मिला। लेफ्टिनेंट जनरल राणा को परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, युद्ध सेवा पदक, सेना पदक और थल सेनाध्यक्ष प्रशंसापत्र से सम्मानित किया जा चुका है। एक युवा अधिकारी के रूपमें उन्होंने कश्मीर में वीरता केलिए सेना पदक और सेनाध्यक्ष प्रशंसापत्र प्राप्त किया था। उन्होंने चीन के रक्षा आधुनिकीकरण पर पीएचडी भी की है।
लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खड़कवासला से स्नातक हैं और रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन से स्नातकोत्तर हैं। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज नई दिल्ली, सेंटर फॉर नेशनल डिफेंस स्टडीज मैड्रिड (स्पेन) और नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी अमेरिका से भी शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कई पेशेवर सैन्य पाठ्यक्रमों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने अपने 37 वर्ष से अधिक के सेवाकाल में विविध प्रकार की परिचालनात्मक, प्रशिक्षण और स्टाफ नियुक्तियां संभाली हैं। उनकी सैन्यसेवा में भारतीय सैन्य प्रशिक्षण दल और लेबनान में संयुक्तराष्ट्र अंतरिम बल केसाथ कार्यकाल शामिल हैं। उन्होंने पूर्वी क्षेत्रमें एक इंफैंट्री ब्रिगेड और डिवीजन की कमान संभाली है और बादमें वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गजराज कोर का नेतृत्व किया है। लेफ्टिनेंट जनरल राणा ने भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून, कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट सिकंदराबाद और हायर कमांड विंग आर्मी वॉर कॉलेज महू में प्रशिक्षक के रूपमें भी काम किया है।
लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा की स्टाफ नियुक्तियों में एक स्वतंत्र बख्तरबंद ब्रिगेड के ब्रिगेड मेजर, डिप्टी डायरेक्टर जनरल स्टाफ ड्यूटीज, ब्रिगेडियर मिलिट्री इंटेलिजेंस (ईस्ट), प्रोवोस्ट मार्शल और रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय में महानिदेशक स्टाफ ड्यूटीज शामिल हैं। अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर इन चीफ का पदभार संभालने से पहले दिनेश सिंह राणा ने रक्षा खुफिया एजेंसी के महानिदेशक के रूपमें कार्य किया था। इस तरह वे कमांडर इन चीफ के रूपमें पदोन्नत होने वाले पहले रक्षा खुफिया प्रमुख हैं। उनकी यह नियुक्ति भारत के सैन्य नेतृत्व में रक्षा खुफिया और संयुक्त कौशल के बढ़ते महत्व को दर्शाती है।