स्वतंत्र आवाज़
word map

राजा राममोहन राय के जीवन पर नृत्य नाटिका

संस्कृति मंत्रालय का राजा राममोहन राय की जयंती पर आयोजन

कर्तव्य पथ पर कलाकारों का मोहक और भव्य सांस्कृतिक मंचन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 7 November 2022 02:14:13 PM

dance drama on the life of raja rammohun roy

नई दिल्ली। आधुनिक भारतीय समाज के जनक माने जानेवाले राजा राममोहन राय के जीवन पर दो दिवसीय नृत्य नाटिका का कर्तव्य पथ एवं सेंट्रल विस्टा पर मोहक और भव्य प्रदर्शन किया गया। नृत्य नाटिका का शीर्षक 'युगपुरुष राजा राममोहन राय' और विषयवस्तु 'नारी सम्मान' था। नृत्य नाटिका का प्रबंधन संस्कृति मंत्रालय के राजा राममोहन राय लाइब्रेरी फाउंडेशन ने किया था। दर्शकों ने नृत्य नाटिका के मंचन और पात्रों के रंगारंग प्रदर्शन का भरपूर आनंद उठाया।
आजादी के अमृत महोत्सव के क्रममें राजा राममोहन राय की 250वीं जन्म जयंती पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने 22 मई 2022 को सालभर चलनेवाले इस समारोह का शुभारंभ किया था। यह श्रव्य दृश्य प्रस्तुतिकरण एक अभियान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हर सप्ताह सेंट्रल विस्टा में किया जा रहा है। नृत्य नाटिका का निर्देशन जाने-माने कोरियोग्राफर निलय सेनगुप्ता कर रहे हैं और इसमें 40 कलाकार शामिल हैं। राजा राममोहन राय के जीवन पर नृत्य नाटिका दर्शकों को उनके महान कार्यों, उच्च आदर्शों और उनके जीवन दर्शन को बहुत करीब से परिचित कराएगी। प्रदर्शन सायं छह बजे आरंभ होगा तथा प्रवेश सभी लोगों केलिए पूरी तरह नि:शुल्क है।
गौरतलब हैकि राजा राममोहन राय ने भारत के धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक सुधारों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। वे ब्रह्म समाज के संस्थापक थे। भारतीय भाषायी प्रेस के प्रवर्तक, जनजागरण और सामाजिक सुधार आंदोलन के प्रणेता तथा बंगाल में नवजागरण युग के पितामह कहलाए। बाल-विवाह, सती प्रथा, जातिवाद, कर्मकांड, पर्दा प्रथा आदि का उन्होंने भरपूर विरोध किया और हमेशा आधुनिक एवं वैज्ञानिक सोच-समझ को प्रोत्साहित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]