स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत में बेहतरीन और अनोखा हुनर'

'हुनर हाट कारीगरों हस्तशिल्पयों के लिए प्रोत्साहन मंच'

रक्षामंत्री ने नेहरू स्टेडियम में किया हुनरहाट का उद्घाटन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 22 February 2021 03:53:28 PM

hunar haat at nehru stadium new delhi

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में 26वें हुनर हाट का उद्घाटन किया, जहां देशभर से हस्त शिल्पकार और कारीगर पहुंचे हुए हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के हर हिस्से में बेहतरीन और अनोखा हुनर मौजूद है और हुनर हाट में शामिल हो रहे कारीगर न सिर्फ कला के उस्ताद हैं, बल्कि वे भाग्य के भी उस्ताद हैं। उन्होंने कहा कि हुनर हाट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करके अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पकारों को प्रोत्साहित करने का काम कर रही है, हुनर हाट ऐसे ही कलाकारों और हस्तकला के हुनरमंद लोगों को एक मंच पर ला रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हुनर हाट हमारी सांस्कृतिक कला और शिल्प का खूबसूरत प्रदर्शन होने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक बाहुलता का भी प्रतीक है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हुनर हाट कारीगरों की पारंपरिक कलाओं की विरासत की ब्रैंडिग करने का काम कर रहा है और ये आत्मनिर्भर भारत मिशन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान अदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि हुनर हाट ने कोरोना महामारी आपदा के वक्त में 'वोकल फॉर लोकल' के रूपमें हुनरमंद कारीगरों को अवसर दिया है, कारीगरों ने अपनी कलाकृतियों का उत्पादन जारी रखा, जिन्हें हुनर हाट ने एक बाजार के रूपमें अवसर उपलब्ध करवाया है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के वोकल फॉर लोकल थीम पर इस 26वें हुनर हाट का आयोजन 1 मार्च 2021 तक किया जाएगा। आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, लद्दाख, मध्य प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, ओडीशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिल नाडू, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों से कारीगर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में सजे 'हुनर हाट' में पहुंचे हैं, यहां इनके उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है।
उत्तम स्वदेशी हस्तनिर्मित उत्पाद जैसे अप्लीक वर्क, सूखे फूल, जूट-केन, पीतल के उत्पाद, लकड़ी और मिट्टी के खिलौने, अजरख ब्लॉक प्रिंट, ब्लू आर्ट पॉटरी, पश्मीना शॉल, खादी उत्पाद, बनारसी सिल्क, लकड़ी के फर्नीचर, चिकनकारी कढ़ाई, चंदेरी सिल्क, लाख की चूड़ियाँ, राजस्थानी आभूषण, फुलकारी, तेल चित्रकारी, चमड़ा उत्पाद, खुर्जा मिट्टी के बर्तन, तमिलनाडु, कर्नाटक से चंदन की लकड़ी के सामान, पश्चिम बंगाल के जूट उत्पाद आदियहां बिक्री और प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा लोग यहां देश के प्रसिद्ध कलाकारों के विभिन्न सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों का भी आनंद ले रहे हैं। कलाकार विनोद राठौर, निज़ामी ब्रदर्स, सुदेश भोंसले, कैलाश खेर, शिबानी कश्यप एवं और भी कलाकार अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हुनर हाट देशभर के कारीगरों और शिल्पकारों के स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक सही मंच है और इसने 5 लाख से अधिक लोगों को रोज़गार और रोज़गार के अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय 75 हुनर हाट के माध्यम से 7.5 लाखकारीगरों और शिल्पकारों को रोज़गार और रोज़गार के अवसर प्रदान करेगा, जो देश की आजादी के 75 साल पूरा होने पर आयोजित किए जाएंगे। मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हुनर हाट वर्चुअल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म-http://hunarhaat.org और जीईएम पोर्टल पर भी उपलब्ध है, जहां देश-विदेश के लोग स्वदेशी कारीगरों और शिल्पकारों के उत्पादों को डिजिटल या ऑनलाइन मंच पर भी खरीद सकते हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में लोकसभा सांसद मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामले मंत्रालय सचिव पीके दास, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]