स्वतंत्र आवाज़
word map

मीडिया संगठनों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सम्मान

प्रकाश जावड़ेकर ने मीडिया के प्रयासों को सराहा व सम्मानित किया

'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक सम्मान मिला'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 7 January 2020 05:24:40 PM

prakash javadekar with the recipients of the first international yoga day media awards

नई दिल्ली। भारत सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान 30 मीडिया संगठनों को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान प्रदान किया। प्रकाश जावड़ेकर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मान को उन मीडिया संगठनों के लिए अद्वितीय है, जिन्होंने समाज के हित के लिए योग को प्रसारित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी तरह का यह पहला आयोजन है, जो समाचार, विचार और विज्ञापनों से परे है, यह मीडिया संगठनों के प्रयासों को मान्यता देने की एक नई प्रवृत्ति को भी चिन्हित करता है, जो समाज के लाभ के लिए मिशन मोड में काम करते हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने लोकमान्य तिलक को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वराज्य के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए केसरी समाचारपत्र को एक माध्यम के रूपमें लॉंच किया था। उन्होंने कहा कि आज मीडिया संगठन 'सुराज' के प्रति अधिक से अधिक जन जागरुकता पैदा कर रहे हैं, जहां सभी के लिए अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने इसे भारत के मजबूत लोकतंत्र की निशानी बताया। प्रकाश जावड़ेकर ने योग को रोगमुक्त स्वास्थ्य की सबसे बड़ी कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और प्रयासों की वजह से एक भारतीय ब्रांड योग को वैश्विक सम्मान मिला है। उन्होंने याद दिलाया कि संयुक्तराष्ट्र ने भारी बहुमत के साथ भारत के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रस्ताव का समर्थन किया था। उन्होंने सम्मान प्राप्त करने वाले और निर्णायक मंडल के सदस्यों को बधाई और धन्यवाद दिया।
आयुष राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाइक ने योग दिवस मीडिया सम्मान की इस नई पहल के सफल आयोजन के लिए सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को बधाई दी। उन्होंने योग को हमारी सभ्यता की एक प्राचीन धरोहर बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूपसे सुखी रह सकता है। ज्यूरी के अध्यक्ष और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सीके प्रसाद ने योग को शून्य जोखिम और महत्वपूर्ण लाभ के साथ निवेश के रूपमें वर्णित किया। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव विक्रम सहाय ने कहा कि ये सम्मान प्रेस की स्वतंत्रता में मजबूत विश्वास और महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया सामाजिक और सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं पर लोगों के बीच जागरुकता का प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में सूचना और प्रसारण सचिव रवि मित्तल, अपर सचिव अतुल तिवारी, सूचना प्रसारण मंत्रालय और आयुष मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]