स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय युद्धपोतों का नए तरीके से आधुनिकीकरण

रक्षा मंत्री ने लॉन्च किया पहला युद्धपोत 'आईएनएस नीलगिरि'

भारतीय नौसेना की महासागर में सुरक्षा के लिए नई योजना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 30 September 2019 01:50:25 PM

defense minister launched the first warship ins nilgiri

मुंबई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत सरकार अपने समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए पारंपरिक और अपारंपरिक खतरों से निपटने के ठोस प्रयास कर रही है, जिसके तहत नौसेना के आधुनिकीकरण और उसे बेहतरीन प्लेटफार्मों, हथियारों और सेंसर से लैस किया जा रहा है। राजनाथ सिंह मुंबई में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड में नौसेना के सात नए स्टील्थ फ्रिगेट्स यानी रडार को मात देने वाले युद्धपोत में से पहले युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि को लॉंच कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मूल्य के हिसाब से भारत का 70 प्रतिशत और मात्रा के लिहाज से 95 प्रतिशत व्यापार समुद्री मार्ग से हो रहा है। उन्होंने कहा कि समुद्री डकैती, आतंकवाद या संघर्ष के कारण समुद्री व्यापार में मामूली व्यावधान भी देश की आर्थिक वृद्धि एवं कल्याण पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है।
रक्षामंत्री ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके वाणिज्यिक हित दूर-दूर तक फैल रहे हैं, उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि लेकिन उसे पड़ोसी की दुश्मनी जैसी तमाम चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। रक्षामंत्री ने कहा कि प्रायोजित आतंकवाद एक चुनौती बनी हुई है, इसके बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति वाली मोदी सरकार देशहित में कड़े फैसले लेने से नहीं हिचकेगी। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को खत्म करना भी ऐसा ही एक निर्णय है, जो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास एवं समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत कर रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी देश की विश्वसनीय रक्षा उसकी स्वदेशी रक्षा क्षमता पर आधारित होती है। उन्होंने रक्षा उपकरणों के संदर्भ में 'मेक इन इंडिया' और 'डिजाइन एंड मेक इन इंडिया' पर जोर दिया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नौसेना डिजाइन महानिदेशालय ने 19 से अधिक जहाजों का डिजाइन तैयार किया है, जिनके आधार पर 90 से अधिक जहाजों का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत आज उन चुनिंदा देशों के समूह में है, जो खुद अपने विमान वाहक एवं सामरिक युद्धपोत का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न शिपयार्डों को अबतक मिले कुल 51 जहाज एवं पनडुब्बियों के ऑर्डर में से 49 का निर्माण स्वदेशी तौरपर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 तक पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और 2027 तक 70 प्रतिशत रक्षा स्वदेशीकरण के हमारे लक्ष्य में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। रक्षामंत्री ने कहा कि जहाज निर्माण उद्योग में काफी श्रमबल की जरूरत होती है और इसमें न केवल अपने क्षेत्र बल्कि विभिन्न उपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम उद्योगों के लिए रोज़गार सृजन की अपार क्षमता मौजूद है। उन्होंने कहा कि एक जीवंत जहाज निर्माण उद्योग देश के समग्र आर्थिक विकास में प्रमुख भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि एक युद्धपोत के निर्माण से 8 साल की अवधि के लिए 4,800 कर्मियों को प्रत्यक्ष रोज़गार और लगभग 27,000 कर्मियों को अप्रत्यक्ष तौरपर रोज़गार मिलता है, कुल युद्धपोत लागत का लगभग 87 प्रतिशत रकम भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेश की जाती है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
रक्षामंत्री ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र तमाम गतिविधियों का केंद्र है और पूरी दुनिया भारतीय नौसेना को एक शुद्ध सुरक्षा प्रदाता के रूपमें देखती है। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक एवं भू-सामरिक आयाम में भारत के बढ़ते कद और हमारे ऊपर पड़ोसियों की बढ़ती निर्भरता के मद्देनज़र भारतीय नौसेना की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह विश्वसनीय सुरक्षा और शांत एवं समृद्ध समुद्री मार्ग उपलब्ध कराए। राजनाथ सिंह ने कहा कि हालांकि नौसेना अपने अत्याधुनिक प्लेटफार्मों और बुनियादी ढांचे के जरिए भारत के समुद्री हितों की उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार विकसित हो रही है, लेकिन हमारी सेनाओं की असली ताकत हमारे जवान हैं। रक्षामंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नीलगिरि और इस परियोजना के छह युद्धपोत भारतीय ध्वज को गर्व के साथ महासागरों में लहराएंगे, साथ ही वे दुनियाभर में भारत के जहाज निर्माण क्षमता को प्रदर्शित करते हुए भारत के शांति एवं शक्ति के संदेश को फैलाएंगे।
राजनाथ सिंह ने शिपयार्ड के कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जहाज महज धातु और पेंट ही नहीं है, बल्कि यह इस परियोजना से जुड़े लोगों की कड़ी मेहनत, पसीने और दृढ़ता की कहानी बयां करता है। आईएनएस नीलगिरि परियोजना 17ए का पहला जहाज है, परियोजना 17ए के युद्धपोतों का डिजाइन शिवालिक श्रेणी के युद्धपोत जैसा है, जो कहीं अधिक उन्नत तकनीक और स्वदेशी हथियार एवं सेंसर से लैस हैं। इन युद्धपोतों को एकीकृत निर्माण पद्धति के इस्तेमाल से बनाया जा रहा है। पी17ए युद्धपोत में बेहतर अस्तित्व क्षमता, समुद्र में मौजूद रहने, रडार से बचने और बेहतर गतिशीलता के लिए नई डिजाइन अवधारणाओं को शामिल किया गया है। रक्षामंत्री ने मुंबई के नेवल डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना के सबसे बड़े ड्राई डॉक-द एयरक्राफ्ट कैरियर डॉक का भी उद्घाटन किया। उन्होंने इसे 'आधुनिक भारत का महल' कहा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]