स्वतंत्र आवाज़
word map

न्यायाधीश गिरजेश कुमार पांडेय सेवानिवृत्त

न्यायिक सेवा के निष्ठापूर्ण व शानदार ‌करियर की प्रशंसा

सेवानिवृत्त पर फैजाबाद में शानदार विदाई सम्मान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 3 June 2019 04:45:51 PM

judge girijesh kumar pandey retired

फैजाबाद। फैजाबाद जनपद के न्यायाधीश गिरजेश कुमार पांडेय 33 वर्ष की न्यायिक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनकी न्यायिक सेवा के निष्ठापूर्ण न्यायप्रिय और शानदार ‌करियर के लिए पंचशील रिजार्ट में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनके प्रसन्नचित दीर्घजीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश गिरजेश कुमार पांडेय ने साथियों की शुभकामनाओं और अपने विदाई सम्मान से अभिभूत होते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समाज को न्याय दिलाने में सदैव कर्मठता से प्रयत्नशील रहेंगे, जनता का विश्वास जीतेंगे और भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाएंगे। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने जिला जज के प्रशासनिक कार्यों की प्रशंसा की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र कुमार ने पुलिस विभाग की ओर से, ब्रिगेडियर ज्ञानोदय ने भारतीय सेना की ओर से एवं मुख्य चिकित्साधिकारी हरिओम श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला जज गिरजेश कुमार पांडेय को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल जज सीनियर डिविजन एफटीसी सुमन तिवारी, अनीता जेएम, रश्मिचंद जेएम एवं साधना गिरि सिविल जज जूनियर डिविजन ने भगवान श्रीराम की स्तुति से की। सुरेश शर्मा एडीजे ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। अशोक कुमार एडीजे प्रथम एवं हरिनाथ पांडे एडीजे द्वितीय ने न्यायिक परिवार की ओर से जिला जज को स्मृति चिन्ह, शाल एवं रामायण की कृति प्रदान की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अयोध्या के सचिव चंद्रमोहन मिश्रा ने फिल्मी गीत सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध किया। रीता कौशिक प्रधान पारिवारिक जज एवं एडीजे भूदेव गौतम ने अवगत कराया कि जिला जज गिरजेश कुमार पांडेय का नाम उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के पद पर सुशोभित होने के लिए भेजा जा चुका है। डॉ सुनील कुमार सिंह सिविल जज सीनियर डिविजन ने गिरजेश कुमार पांडेय की शानदार न्यायिक सेवाओं का उल्लेख किया।
डॉ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि न्यायमूर्ति गिरजेश कुमार पांडेय ने फैजाबाद जिला जज के अपने कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण बदलाव किए, जिनमें बैकलाग क्लीयरेंस एवं प्राचीनतम मुकद्मों के निपटारों का कीर्तिमान स्थापित किया है, नए न्यायालयों की बिल्डिंग का काम तेज करवाया, न्यायालयों में कागज, फर्नीचर, बेहतर सफाई व्यवस्था और बार एवं बेंच में समन्वय स्थापित करवाया है। उन्होंने गिरजेश कुमार पांडेय को एक बेहतरीन इंसान बताया, जिनके अंदर एक सच्चा नेतृत्व कौशल एवं त्रुटिहीन चरित्र बसता है। अभिनव तिवारी सिविल जज सदर जूनियर डिविजन ने कहा कि वे न्यायिक अधिकारियों के प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम का संचालन ज्ञान प्रकाश तिवारी एसीजेएम प्रथम ने किया एवं श्रद्धा तिवारी सीजेएम ने धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सत्य प्रकाश, सुरेश चंद्र आर्य, पूजा सिंह, कुशलपाल, रविंद्र द्विवेदी, असद अहमद हाशमी, वरुण मोहित निगम, विजय कुमार गुप्ता, संजीव कुमार त्रिपाठी, सर्वेश मिश्रा सिविल जज सीनियर डिविजन, पवन सिंह एसीजेएम, अवनीश चंद्र गौतम, मयूरेश श्रीवास्तव सिविल जज जूनियर डिविजन की उपस्थित‌ि उल्लेखनीय है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]