स्वतंत्र आवाज़
word map

कान्स फिल्म महोत्सव पहुंची फिल्म 'अंतर्ध्वनि'

इस फिल्म का नायक है जंगल और उसका प्राकृतिक परिवेश

सिने दर्शकों के लिए कुछ नया और अलग हटकर मनोरंजन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 20 May 2019 04:01:13 PM

film antardhvani starcast

मुंबई। कान्स फिल्म महोत्सव में वही भाग ले पाते हैं, जिनकी फिल्म कुछ नया और अलग दिखाने का दम रखती है। ऐसेमें 9 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल करने वाले पद्मश्री अपूर्बा किशोर बीर भी क्यों पीछे रहें? बतौर फिल्म निर्देशक उनकी साइक्लोजिकल थ्रिलर अंतर्ध्वनि भी पुरस्कार जीतने की संभावनाएं रखती हैं, इसलिए उनकी इस फिल्म की स्क्रीनिंग कान्स फिल्म महोत्सव में की गई है। निर्देशक एके बीर इस फिल्म के पटकथा लेखक और डीओपी भी हैं और वह पिछले दिनों कान्स फिल्म महोत्सव की जूरी में भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं कान्स को अच्छी तरह से जानता हूं फिर भी उत्साहित हूं कि मेरी फिल्म को वहां प्रदर्शित होने का अवसर मिला है और यह मेरे लिए गर्व का क्षण है।
उत्तराखंड, ओडिशा और मुंबई में इस मूवी को फिल्माया गया है, जिसमें स्वप्नपति मुख्य भूमिका में हैं। चौबीस एफपीएस एंटरटेनमेंट के राजेश कुमार मोहंती ने कहा है कि यह हमारे प्रोडक्शन हाउस की एक प्रतिष्ठित फिल्म है, वास्तव में यह हमारी पहली फीचर फिल्म है और हमारे उत्साह का कोई ठिकाना नहीं है कि इसे कान्स में प्रदर्शित होने के लिए चुना गया है, यह हमारी एक बड़ी उपलब्धि है। राजेश मोहंती ने बताया कि फिल्म पूरी तरह से नेचुरल लाइट में फिल्माई गई है, जिसमें फिल्म का नायक जंगल और उसका प्राकृतिक परिवेश है। फिल्म में गौरव पासवाला, स्वप्नपति और तलविंदर सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
अंर्तध्वनि फिल्म की कहानी शांतनु और शालिनी के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक-दूसरे के प्रति लगाव रखने वाले बहुत करीबी दोस्त हैं। शालिनी के अचानक गायब हो जाने से शांतनु का मन हताशा में भटक जाता है, क्योंकि वह एक संघर्षपूर्ण यात्रा पर निकलता है जो शालिनी को खोजने के उसके इरादे के नैतिक पहलू पर सवाल उठाता है। उम्मीद की जानी चाहिए कि फिल्म 'अंतर्ध्वनि-इनर वॉइस' भारतीय दर्शकों का कुछ नया और अलग हटकर मनोरंजन करेगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]