स्वतंत्र आवाज़
word map

लड़कियां अपनी रुचि से कार्य करें-दर्शना गुप्ता

दर्शना गुप्ता को महिला दिवस पर मिला नारी शक्ति सम्मान

आदर्श महिला विद्यालय में दर्शना का गर्मजोशी से सम्मान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 30 March 2019 05:05:54 PM

darsha gupta gets women's honor on women's day

भिवानी (हरियाणा)। आदर्श महिला महाविद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की प्रधान दर्शना गुप्ता का महाविद्यालय पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से समारोहपूर्वक सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लड़कियां पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचि अनुसार सामाजिक क्षेत्र के कार्यों में भी भागीदारी करें तभी महिला सशक्तिकरण की सार्थकता को पूरा किया जा सकता है। ज्ञातव्य है कि दर्शना गुप्ता को 8 मार्च को महिला दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नारी शक्ति सम्मान-2018 से सम्मानित किया था, जिसके उपलक्ष्य में महाविद्यालय में उनका अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दर्शना गुप्ता को ये सम्मान निर्धन कन्याओं के विवाह तथा महिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय योगदान पर दिया गया है।
दर्शना गुप्ता ने कहा कि ग़रीब कन्याओं के विवाह के साथ जरूरतमंदों को चिकित्सा एवं शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना उनका मुख्य लक्ष्य है। छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरुक करते हुए उन्होंने कहा कि मज़बूत इरादा, कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होना सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना चाहिए और यह घर में रहकर नहीं बना जा सकता, बाहर निकलकर माहौल को समझना होगा और उसके अनुरूप निर्णय लेना होगा कि सामाजिक क्षेत्र में आप क्या काम करना चाहती हैं। दर्शना गुप्ता ने कहा कि महिलाएं आगे आएं और कर्मठता से मेहनत करते हुए अपने को भी संभालें एवं अपने समाज और परिवार का नाम रोशन करें।
वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट के प्रधान शिवरत्न गुप्ता ने सम्मान समारोह में कहा कि महिलाएं घर परिवार के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र की बागडोर भी संभालें। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बनारसीदास गुप्ता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि दर्शना गुप्ता उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए समाजसेवा के कार्यों में जुटी हुई हैं। महाविद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के महासचिव अशोक बुवानीवाला ने दर्शना गुप्ता को बधाई देते हुए उनके समाजसेवा के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दर्शना गुप्ता ने नारी शक्ति को गौरवांवित किया है, उनसे महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने वाली हजारों लड़कियां प्रेरणा लेंगी। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ माया यादव ने दर्शना गुप्ता के महाविद्यालय में योगदान एवं समाजसेवा के कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर आदर्श शिक्षा समिति के प्रधान अजय गुप्ता, पवन बुवानीवाला, विजय किशन धारेडू वाला, सुंदरलाल गोटेवाला, प्रीतम अग्रवाल, तुलसी राम बहलीया, सुरेश कुमार दुरालीया, नंद किशोर अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर शिक्षक स्टाफ ने दर्शना गुप्ता को शुभकामनाएं और बधाईयां दीं। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]