स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-चीन का संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू

उद्देश्य दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को बढ़ावा

चीन में हुआ हैंड इन हैंड-2018 का भव्य उद्घाटन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 11 December 2018 03:37:44 PM

india and china start joint military practice

बीजिंग/ नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास हैंड इन हैंड-2018 शुरू हो चुका है, इसका भव्य उद्घाटन चीन के सिचुआन प्रांत के चेंगडू में हुआ। दोनों देशों के बीच यह सैन्य अभ्यास इस महीने की 23 तारीख तक चलेगा। भारतीय सेना की ओर से कंपनी आकार की 11 सिखली टुकड़ियां और चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी की तिब्बती मिलिटरी जिले से एक रेजिमेंट संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रही हैं। भारतीय टुकड़ी का नेतृत्व कर्नल पुनीत प्रताप सिंह तोमर कंमाडिंग ऑफिसर 11 सिखली और चीनी टुकड़ी का नेतृत्व कर्नल झोउ जुन कर रहे हैं। पीएलए के संयुक्त प्रशिक्षण के वरिष्ठ प्रतिनिधि मेजर जर्नल कुवांग देवांग ने दोनों देशों के अधिकारियों की मौजूदगी में परेड का निरीक्षण किया।
भारत और चीन के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान इंडोर कक्षाएं और आउटडोर प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य भारत और चीन की सेनाओं के बीच मजबूत संबंध बनाना और सैन्य कौशल को बढ़ावा देना है। संयुक्त अभ्यास कंमाडर की क्षमता में बढ़ोतरी करना भी इस अभ्यास का लक्ष्य है, ताकि दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियां कमान के अंतर्गत काम कर सकें। अभ्यास के दौरान संयुक्तराष्ट्र के आदेश के तहत किसी देश में विघटनकारी या आतंकवादी गतिविधियों के मुकाबले के लिए कार्रवाइयों का प्रशिक्षण भी शामिल होगा। गौरतलब है कि भारत और चीन विश्व के दो बड़े विकासशील देश हैं, दोनों ने ही विश्व में शांति और विकास के बड़े आयाम अर्जित किए हैं। भारत और चीन संबंधों में निरंतर सुधार हो रहा है, चीन सरकार भारत के साथ अपने संबंधों को सुदृढ़ करने को बड़ा महत्व देती रही है। इस वर्ष पहली अप्रैल को दोनों ही देशों ने अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 55वीं वर्षगांठ भी मनाई।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]