स्वतंत्र आवाज़
word map

स्कूली शिक्षा में केवीएस अनुकरणीय-जावड़ेकर

केंद्रीय विद्यालयों के असाधारण कार्यप्रदर्शन की हुई सराहना

केवीएस का राष्ट्रीय एकता शिविर 'एक भारत श्रेष्ठ भारत'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 November 2018 12:43:55 PM

national integration camp of kvs 'ek bharat shreshth bharat'

नई दिल्ली। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने विज्ञान भवन में केवीएस राष्ट्रीय एकता शिविर 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' को संबोधित किया और कहा कि विविधता में एकता होना भारत की विशेषता है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से सर्वश्रेष्ठ परंपराओं और अनुभवों को साझा करके राज्यों के बीच शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक वातावरण के निर्माण को लेकर किए गए प्रयासों के बारे में खुशी और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के ऐसे प्रयासों से लोकाचार, संस्कृति, भोजन आदि कि विविधता के प्रति परस्पर आदर और स्वीकार्यता स्थापित होती है। उन्होंने कहा कि वास्तव में विविधता में एकता केंद्रीय विद्यालय संगठन के साथ-साथ राष्ट्र की शक्ति है।
मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जोर देते हुए कहा कि छात्रों को प्रतिदिन किसी भी राज्य की अन्य भाषा के 5 से 6 शब्द सीखना चाहिए, इससे धरातल पर एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को साकार करने में मदद मिलेगी। प्रकाश जावड़ेकर ने प्रत्येक क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालयों के असाधारण निष्पादन की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 12वीं कक्षा में केंद्रीय विद्यालय संगठन ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिणामों में सर्वश्रेष्ठ लगभग 98 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किए हैं।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के कमिश्नर संतोष कुमार मल्ल भी एकता शिविर में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्रीय विद्यालय अपने आपमें एक लघु भारत है, क्योंकि एक छत के नीचे वहां अनेक राज्यों के बच्चे पढ़ते हैं। उपस्थित लोगों के सामने उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से जारी कुछ प्रमुख योजनाओं के बारे में भी चर्चा की। इस अवसर पर गुवाहाटी क्षेत्र के छात्रों ने हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति की और दिल्ली इलाके के छात्रों ने मिस्र का नृत्य किया। अपर आयुक्त शिक्षा यूएन खावड़े ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। समापन समारोह में मानव संसाधन विकास मंत्रालय में सचिव माध्यमिक शिक्षा एवं शिक्षण रीना रे भी उपस्थित थीं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]