स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत और पुर्तगाल में द्विपक्षीय बातचीत

ब्रुसेल्स में मिले उपराष्ट्रपति व पुर्तगाली प्रधानमंत्री

दोनों देशों की व्यापारिक विस्तार पर प्रतिबद्धता

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 19 October 2018 01:41:47 PM

prime minister of portugal and venkaiah naidu

ब्रुसेल्स/ नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने एएसईएम सम्मेलन के दौरान ब्रुसेल्स के ईयू मुख्यालय पर पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा के साथ द्विपक्षीय स्तर पर बातचीत की। उपराष्ट्रपति ने पुर्तगाल के प्रधानमंत्री को जनवरी 2017 में उनकी भारत की यात्रा को ताजा किया, जब उन्हें प्रवासी भारतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उपराष्ट्रपति ने भारत-पुर्तगाल संबंधों को और दृढ़ बनाने के लिए एंटोनियो कोस्टा की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की तारीफ की। उन्होंने पूरे विश्व में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाने के लिए बनाई गई समिति में शामिल होने के लिए पीएम कोस्टा का धन्यवाद भी किया।
पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि वे द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक प्रगति से काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि भारत-पुर्तगाल द्विपक्षीय व्यापार तेजी से बढ़ रहा है और पुर्तगाली कंपनियों को भारतीय बाज़ार में काफी संभावना दिखाई दे रही है, जिससे वे काफी प्रोत्साहित हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि विजन बॉक्स पुर्तगाली प्रौद्योगिकी कंपनी ने हाल ही में बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से एक अनुबंध प्राप्त किया है, जिसके तहत चेहरे की पहचान आधारित बायोमेट्रिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग करके निर्बाध और कागजरहित हवाईयात्रा की सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पुर्तगाल ने हाल ही में पणजी स्मार्ट सिटी पहल के तहत जल आपूर्ति और अपशिष्ट जल प्रबंधन की एक पायलट परियोजना के लिए भी गोवा के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने उल्लेख किया कि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के नए क्षेत्रों में भी भारत और पुर्तगाल को सहयोग करना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने एंटोनियो कोस्टा को भारत सरकार के विभिन्न विकास कार्यक्रमों जैसे-बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, स्वच्छ भारत, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और अन्य प्रमुख पहलों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा, अंतरिक्ष, आधारभूत संरचना और स्टार्टअप ऐसे क्षेत्र हैं जो संभावित व्यावसायिक अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संयुक्तराष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए अपना समर्थन फिर से देने हेतु पुर्तगाल का धन्यवाद किया। उन्होंने उल्लेख किया कि यूएनएससी में भारत के शामिल होने से संयुक्तराष्ट्र की विश्वसनीयता और प्रभावशीलता बढ़ जाएगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]