स्वतंत्र आवाज़
word map

जनसहभागिता से वृक्षारोपण करें-मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश में 9.16 करोड़ पौधरोपण करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने की वृहद वृक्षारोपण-2018 की समीक्षा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 31 July 2018 04:56:40 PM

chief yogi adityanath planted bell tree

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में जनसहभागिता आवश्यक है, इसके लिए जरूरी है कि लोगों को जागरुक किया जाए और एक व्यक्ति-एक वृक्ष का संकल्प लेकर इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री कुकरैल पिकनिक स्पॉट लखनऊ में मौलश्री प्रेक्षागृह में स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले विशेष वृक्षारोपण अभियान वृहद वृक्षारोपण-2018 की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि वनीकरण को आदर्श स्थिति में लाया जाए, सरकार ने इस वर्ष विशेष वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत प्रदेश में कम से कम 9.16 करोड़ पौध रोपित करने का लक्ष्य रखा है, वृक्षारोपण का यह लक्ष्य वन एवं वन्य जीव विभाग तथा 22 अन्य विभागों के लिए निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में वन विभाग के अधिकारियों को दोहरी भूमिका निभानी होगी, क्योंकि एक ओर जहां उनको विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करना होगा, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अन्य 22 विभागों द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण हेतु समन्वय एवं तकनीकी जानकारी सुनिश्चित कराते हुए उनका मार्गदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2018 को स्वतंत्रता दिवस पर समस्त विभागों द्वारा जन सहभागिता से वृक्षारोपण का अभियान चलाकर वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा। वन विभाग इस दिन आवंटित कुल लक्ष्य का 30 प्रतिशत एवं अन्य विभाग आवंटित लक्ष्य का 80 प्रतिशत पौधरोपण करेंगे, इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस पर एक दिन में 5 करोड़ से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की ब्रांडिंग की जाए, लोगों को जागरुक करने के लिए प्रकृति संरक्षण के स्लोगन लगवाए जाएं, वन विभाग एनओसी देते समय सम्बन्धित विभागों से वृक्षारोपण का शपथ पत्र प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईको-टूरिज्म की अपार सम्भावनाएं हैं, आवश्यकता है सिर्फ इसको बढ़ावा देने की। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि सरकार ने 15 जुलाई से 50 माइक्रॉन से कम के कैरी बैग को पूर्णरूप से प्रतिबंधित कर दिया है और इस 2 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सभी प्रकार के डिस्पोज़ल भी प्रतिबंधित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बेल का पेड़ भी रोपित किया। कार्यक्रम को वन मंत्री दारा सिंह चौहान, वन राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन एवं वन्यजीव विभाग की प्रमुख सचिव कल्पना अवस्थी, प्रधान वन संरक्षक एसके उपाध्याय और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]