युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया
आईआईएसईआर पुणे के नेतृत्व में युवा संगम पहल आयोजितस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 23 May 2026 01:06:38 PM
अमरावती। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर से युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान तिरुपति के भ्रमण पर आए महाराष्ट्र के युवाओं ने मुलाकात की। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान-आईआईएसईआर पुणे के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल देशभर में अंतर्राज्यीय समझ और युवाओं केबीच जुड़ाव के उद्देश्य से शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अनुभवकारी गतिविधियों में भाग ले रहा है। एस अब्दुल नज़ीर ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के महत्व का उल्लेख किया और भारत की विविधता में एकता मजबूत बनाने में सांस्कृतिक समझ और अंतर्राज्यीय सहयोग की भूमिका रेखांकित की।
राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर ने कहाकि युवा संगम जैसी पहल युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों, संस्कृतियों और परंपराओं से जुड़ने का सार्थक अवसर प्रदान करती है, इससे भावनात्मक एकीकरण और राष्ट्रीय सद्भाव को बढ़ावा मिलता है। राज्यपाल ने लोगों केबीच आपसी संपर्क बढ़ाने और युवाओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास उपलब्धियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने में युवा संगम कार्यक्रम की भूमिका की सराहना की। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रीय एकता दूत के रूपमें आपसी सम्मान, ज्ञान और सहयोग की भावना केलिए प्रोत्साहित किया। युवाओं ने इस दौरान आईआईटी तिरुपति के संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं, नवोन्मेषकों एवं विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी अत्याधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान, अकादमिक उत्कृष्टता और तकनीकी प्रगति से अवगत हुए।
युवाओं को सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों से दक्षिण भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का भी अनुभव प्राप्त हुआ। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के आरंभ युवा संगम का छठा चरण गहन शैक्षिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक सद्भाव और भावनात्मक एकीकरण सुदृढ़ बनाने का प्रयास है। इस पहल में 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिभागी साथ जुड़े हैं, जिससे भारत की विविधता, नवाचार पारितंत्र और राष्ट्र निर्माण की साझा आकांक्षाओं की गहरी समझ विकसित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।