स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रपति ने देश में सामूहिक नौसैनिक शक्ति देखी

'समुद्र में शांति, स्थिरता और सहयोग के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता'

विशाखापत्तनम में 70 से अधिक देशों की नौसेनाओं का फ्लीट रिव्‍यू

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 18 February 2026 04:06:10 PM

president views india's collective naval power

विशाखापत्तनम। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज विशाखापत्तनम में इंटरनेशनल फ्लीट रिव्‍यू 2026 में भारत की सामूहिक नौसैनिक शक्ति देखी। इंटरनेशनल फ्लीट रिव्‍यू में 70 से अधिक देशों की नौसेनाएं भाग ले रही हैं। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहाकि इंटरनेशनल फ्लीट रिव्‍यू समुद्री परंपराओं केप्रति राष्ट्रों की एकता, विश्वास और सम्मान को दर्शाती है, विभिन्न ध्वजों वाले जहाज और विभिन्न देशों के नाविक एकजुटता की भावना का प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहाकि एकजुटता की यह भावना इस रिव्‍यू की थीम: यूनाइटेड थ्रू ओशंस में बखूबी समाहित है, यह वैश्विक समुदाय को एक सकारात्मक संदेश हैकि इस सामूहिक नौसैनिक शक्ति की प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प सभी चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर सकती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि सामुद्रिक‍ कार्यक्षेत्र सहित अंतर्राष्ट्रीय संबंधों केप्रति भारत का दृष्टिकोण 'वसुधैव कुटुंबकम' के हमारे आदर्शों से प्रेरित है, यह दृष्टिकोण इस ज्ञान को दर्शाता हैकि वैश्विक सुरक्षा और विकास, स्थिरता और स्थायित्व साझेदारी से ही संभव हैं। उन्होंने कहाकि साझेदारी की यह भावना एक स्थायी वैश्विक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए भारत का मानना हैकि एक सुदृढ़ समुद्री व्यवस्था समान विचारधारा वाले साझेदारों केबीच सामूहिक जिम्मेदारी और सहयोगात्मक कार्रवाई पर आधारित है। उन्होंने कहाकि यह फ्लीट रिव्‍यू भारत के 'महासागर' विज़न को समृद्ध करता है, जिसका अर्थ है 'क्षेत्रीय स्तर पर सुरक्षा और विकास केलिए पारस्परिक और समग्र उन्नति'।
राष्ट्रपति ने कहाकि भारतीय नौसेना भारत के समुद्री हितों की रक्षा करने और व्यापक समुद्री क्षेत्रमें स्थिरता बनाए रखने में तत्पर है। द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि क्षेत्रमें तैनात भारतीय नौसेना की इकाइयां समुद्र में उत्पन्न होने वाले खतरों, चुनौतियों के विरुद्ध प्रतिरोध और रक्षा के विश्वसनीय साधन के रूपमें कार्य करती हैं। उन्होंने कहाकि मानवीय संकटों और प्राकृतिक आपदा के समय भारतीय नौसेना अक्सर सबसे पहले सहायता प्रदान करती है, करुणा और दक्षता केसाथ त्वरित सहायता प्रदान करती है। उन्होंने कहाकि भारतीय नौसेना विश्वभर की नौसेनाओं केसाथ सद्भावना को बढ़ावा देने तथा विश्वास, भरोसे और मित्रता के सेतु बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राष्ट्रपति ने मित्र देशों की नौसेना अधिकारियों और नौसैनिकों की सराहना की। उन्होंने कहाकि वे अपने-अपने देशों और सेवाओं की सर्वोत्तम परंपराओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, उनका अनुशासन, समर्पण और सक्षमता वे आधारशिलाएं हैं, जिनपर सामूहिक समुद्री सुरक्षा टिकी है। उन्होंने इस बात पर बल दियाकि फ्लीट रिव्‍यू में उनकी उपस्थिति ने हमारे विश्वास के बंधन को और मजबूत किया है और समुद्र में शांति, स्थिरता और सहयोग केप्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि इस फ्लीट रिव्‍यू में प्रतिनिधित्व करने वाली सभी नौसेनाएं मिलकर महासागरों को वैश्विक समुदाय के विकास, समृद्धि और समग्र कल्याण के द्वार के रूपमें विकसित करने में योगदान देंगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]