स्वतंत्र आवाज़
word map

नरेंद्र मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री!

देश में एनडीए गठबंधन के बहुमत के साथ मोदी सरकार

राष्ट्रपति भव्य शपथ ग्रहण समारोह में दिलाएंगी शपथ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 8 June 2024 01:29:38 PM

modi government with majority of nda alliance in the country

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(1) में निहित शक्तियों के तहत नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी और फिर एकबार भारत का प्रधानमंत्री नियुक्त कर दिया है। राष्ट्रपति को एनडीए के घटक दलों की ओर से समर्थन पत्र भी सौंपा जा चुका है। राष्ट्रपति भवन में कल 9 जून 2024 को शाम 07:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नरेंद्र मोदी को उनके नवगठित केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों केसाथ पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।
गौरतलब हैकि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलकर उन्हें समर्थन पत्र सौंपा, जिसमें यह कहा गया हैकि नरेंद्र मोदी को भाजपा संसदीय दल के नेता के रूपमें चुना गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्राप्त विभिन्न समर्थन पत्रों के आधार पर इस बात केलिए संतुष्टि व्यक्त कीकि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन, जोकि सबसे बड़ा चुनाव पूर्व गठबंधन भी है, नवगठित 18वीं लोकसभा में बहुमत का समर्थन हासिल करने और एक स्थिर सरकार बनाने की स्थिति में है। ज्ञातव्य हैकि वर्ष 1962 के बाद यह पहली बार हैकि भारत के किसी प्रधानमंत्री को लगातार तीसरे कार्यकाल का उल्लेखनीय अवसर प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने वाले एनडीए के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में भाजपा से राजनाथ सिंह, अमित शाह, अश्विनी वैष्णव और डॉ सीएन मंजूनाथ, तेलुगु देशम पार्टी से एन चंद्रबाबू नायडू, जनता दल (यूनाइटेड) से नीतीश कुमार, राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) एवं संजय झा, शिवसेना से एकनाथ शिंदे, जनता दल (सेक्युलर) से एचडी कुमारस्वामी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से चिराग पासवान, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) से जीतनराम मांझी, जनसेना से पवन कल्याण, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से अजीत पवार, अपना दल (सोनीलाल) से अनुप्रिया पटेल, राष्ट्रीय लोकदल से जयंत चौधरी, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल से जयंत बसुमतारी, असम गण परिषद से अतुल बोरा, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा से इंद्र हैंग सुब्बा, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन से सुदेश महतो एवं चंद्रप्रकाश चौधरी और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) से रामदास अठावले शामिल थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]