स्वतंत्र आवाज़
word map

नेवी चीफ ने नौसैनिकों को सम्मानित किया

नौसेना कमान विशाखापत्तनम में भव्य नौसेना अलंकरण समारोह

राष्ट्रपति की ओर से वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 1 June 2023 01:52:34 PM

grand naval investiture ceremony at naval command visakhapatnam

विशाखापत्तनम। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरिकुमार ने पूर्वी नौसेना कमान विशाखापत्तनम में आयोजित भव्य नौसेना अलंकरण समारोह में नौसेना कर्मियों की बहादुरी, नेतृत्व, पेशेवर उपलब्धियों, विशिष्ट सेवा को सम्मानित और पहचान प्रदान करने केलिए उन्हें राष्ट्रपति की ओर से वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर नौसेना कर्मियों की भूमिका के महत्व पर बल देते हुए नौसेना प्रमुख ने कहाकि भारतीय नौसेना अपने राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा, प्रचार, निगरानी और संरक्षण केलिए अपने परिचालन पदचिन्ह का विस्तार करना जारी रखती है, यह अटूट व्यावसायिकता है, जो हमेशा और हरबार सफलता सुनिश्चित करती है।
नौसेना अलंकरण समारोह में 33 पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें विनीत कुमार एलए और सीडीआर निशांत सिंह (मरणोपरांत) को नाव सेना पदक (शौर्य), 13 नाव सेना पदक (कर्तव्य केप्रति समर्पण), 16 विशिष्ट सेवा पदक और दो जीवनरक्षा पदक शामिल हैं। नौसेना प्रमुख ने हथियार सुधार और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अग्रणी अनुसंधान केलिए लेफ्टिनेंट वीके जैन स्मारक स्वर्ण पदक और उड़ान सुरक्षा को बढ़ावा देने केलिए कैप्टन रवि धीर स्मारक स्वर्ण पदक प्रदान किया। बेस्ट ग्रीन प्रैक्टिस 2023 केलिए औद्योगिक और गैर-औद्योगिक श्रेणियों में नौसेना डॉकयार्ड विशाखापत्तनम और आईएनएस तुनीर को नौसेना अध्यक्ष ट्रॉफी प्रदान की गई। नौसेना अध्यक्ष ने पिछले एक साल में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन केलिए परिचालन इकाइयों और तटीय प्रतिष्ठानों को यूनिट प्रशस्तिपत्र भी प्रदान किए।
भारतीय नौसेना के जहाजों बेतवा, सतपुड़ा, सतलुज और निरीक्षक, कलवारी श्रेणी की पनडुब्बी आईएनएस करंज केसाथ आईएनएएस 321 एफएसएस और आईएनएएस 318 को यूनिट प्रशस्तिपत्र प्राप्त हुआ। तट स्थापना श्रेणी में आईएनएस इंडिया, तानाजी, वलसुरा और सामग्री संगठन विशाखापत्तनम पुरस्कार विजेता बने थे। समारोह में सम्मान प्राप्तकर्ताओं के जीवनसाथी और परिवारों केसाथ-साथ भारतीय नौसेना के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। नौसेना अध्यक्ष ने बहादुरी और विशिष्ट सेवा कार्यों की सराहना की और नौसेना कर्मियों के सहयोग एवं प्रेरणा केलिए उनके परिजनों को भी धन्यवाद दिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]