स्वतंत्र आवाज़
word map

एनसीसी शिविर में मित्र देशों के कैडेट भी आएंगे

एनसीसी के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने दी जानकारी

गणतंत्र दिवस शिविर-2023 में एनसीसी का यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 January 2023 02:11:46 PM

ncc dg lt gen gurbirpal singh

नई दिल्ली। एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए कहा हैकि दिल्ली कैंट के करियप्पा परेड ग्राउंड में 74वें राष्ट्रीय कैडेट कोर गणतंत्र दिवस शिविर-2023 में यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत 19 मित्र देशों के कैडेट और अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने कहाकि सभी 28 राज्यों एवं 8 केंद्रशासित प्रदेशों की 710 लड़कियों सहित 2,155 कैडेट एक महीने तक चलनेवाले कैंप में भाग ले रहे हैं। उन्होंने बतायाकि ये कैडेट और अधिकारी यूएसए, यूके, अर्जेंटीना, ब्राजील, मंगोलिया, रूस, किर्गिज, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, नेपाल, मालदीव, मोजाम्बिक, मॉरीशस, सेशेल्स, सूडान, न्यूजीलैंड, फिजी और वियतनाम सहित 19 मित्र देशों से हैं एवं यह किसीभी गणतंत्र दिवस शिविर में विदेशी कैडेटों की अबतक की सर्वाधिक भागीदारी है। उन्होंने कहाकि कुल 2155 कैडेट्स में से 114 कैडेट जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से हैं और 120 कैडेट उत्तर पूर्व क्षेत्र से आते हैं, यह शिविर 'मिनी इंडिया' को व्यक्त करता है।
एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने बतायाकि शिविर में भाग लेनेवाले कैडेट सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय एकता जागरुकता कार्यक्रमों और विभिन्न संस्थागत प्रशिक्षण प्रतियोगिताओं जैसी अनेक गतिविधियों में भाग लेंगे। उन्होंने कहाकि 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस परेड में दो एनसीसी मार्चिंग दल भाग लेंगे एवं इस असंख्य और चुनौती वाली गतिविधियों का समापन 28 जनवरी 2023 की शाम को प्रधानमंत्री की रैली केसाथ होगा। एनसीसी के डीजी ने कहाकि गणतंत्र दिवस शिविर का उद्देश्य गणतंत्र दिवस और बीटिंग द रिट्रीट केसाथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी में होनेवाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के जरिए कैडेट्स के व्यक्तिगत गुणों को सुधारने और उनके मूलभूत नैतिक गुणों को मजबूतकर हमारे देशकी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को उजागर करना है।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने बतायाकि पिछले एक साल में समूह और निदेशालय स्तरपर कई दौर की कड़ी स्क्रीनिंग केबाद आरडीसी कैडेटों का चयन किया गया है, आरडीसी-23 में पहुंचने से पहले प्रत्येक कैडेट की चार से पांच स्क्रीनिंग की गई थी। गुरबीरपाल सिंह ने वर्ष 2022 में एनसीसी की प्रमुख उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने पुनीत सागर अभियान, शहीदों को शतशत नमन, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, हरघर तिरंगा, यूनिटी फ्लेम रन जैसी पहलों में कैडेट्स के योगदान की सराहना की। एनसीसी के डीजी ने प्लास्टिक कचरे से जल निकायों को साफ करने के अभियान में स्थानीय लोगों की भागीदारी को संगठित करके पुनीत सागर अभियान को पूरे भारत में लोकप्रिय बनाने केलिए कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहाकि अबतक लगभग 13.5 लाख एनसीसी कैडेटों ने अभियान में भाग लिया है और लगभग 208 टन प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया था, जिसमें से 167 टन का पुनर्नवीकरण किया गया था।
एनसीसी के महानिदेशक ने एक भारत श्रेष्ठ भारत-स्वतंत्रता दिवस शिविर केबारे मेभी बताया, जिसे एनसीसी ने 31 जुलाई से 16 अगस्त 2022 तक लालकिले में 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया था, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक जिले से आनेवाले कैडेटों को लाल किले पर 75वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को देखने योग्य बनाना और भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करना भी है, जिससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों से राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना और 'विविधता में एकता' को मजबूत करना है। उन्होंने उल्लेख कियाकि एनसीसी जूनियर गर्ल्स हॉकी टीम ने लगातार दूसरे वर्ष जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट जीता है। एनसीसी के डीजी ने विभिन्न खेलों में एनसीसी कैडेट्स के असाधारण प्रदर्शन की भी सराहना की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]