स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत आए ओमान नेवी के कमांडर

रियर एडमिरल को सैनिकों का भव्य गार्ड ऑफ ऑनर

उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 15 February 2022 12:52:03 PM

soldiers' grand guard of honor to oman navy commander

नई दिल्ली। रॉयल नेवी ऑफ ओमान के कमांडर रियर एडमिरल सैफ बिन नासिर बिन मोहसिन अल राहबी भारत की सद्भावना यात्रा पर हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय नौसेना के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और भारत के साथ रक्षा सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशना है। सीआरएनओ ने राजधानी नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करके अपनी यात्रा की शुरुआत की।
भारतीय नौसेनाध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार ने साउथ ब्लॉक के भव्य लॉन में ओमान के कमांडर का गर्मजोशी से स्वागत किया और भारतीय त्रि-सेवाओं के 50 सैनिकों ने सीआरएनओ को शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया। दोनों देशों के नौसेना प्रमुखों ने अपनी-अपनी नौसेनाओं केबीच सहयोग को और आगे बढ़ाने की संभावना तलाशने केलिए चर्चा की। सीआरएनओ मुंबई में भारतीय नौसेना की पश्चिमी नौसेना कमान का भी दौरा करेंगे, जहां वे पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ केसाथ वार्ता करेंगे। सीआरएनओ मुंबई नौसेना के डॉकयार्ड में आईएन पोतों का दौरा भी करेंगे।
ओमान के कमांडर रियर एडमिरल सैफ बिन नासिर बिन मोहसिन अल राहबी की पहली भारत यात्रा भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी केबीच बढ़ते सहयोग को दिखाता है। इसमें परिचालन संबंधी बातचीत, प्रशिक्षण और विषय के विशेषज्ञों का आदान-प्रदान शामिल है। दोनों नौसेनाएं 1993 से दो साल में एकबार होने वाले समुद्री अभ्यास 'नसीम अल बहर' में हिस्सा ले रही हैं। यह अभ्यास 2020 में गोवा में हुआ था और इसका अगला संस्करण इस साल के आखिर में निर्धारित किया गया है। इससे पहले आईएनएस सुदर्शिनी ने दिसंबर 2021 में मस्कट का दौरा किया था और प्रशिक्षुओं को समुद्री अनुभव देने केलिए आरएनओ की समुद्री यात्रा में शामिल हुआ था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]