स्वतंत्र आवाज़
word map

संविधान के आदर्शों का अनुसरण करें-रक्षामंत्री

एनसीसी का राष्ट्रव्यापी संविधान दिवस युवा क्लब गतिविधि कार्यक्रम

युवाओं का संवैधानिक अधिकारों व कर्तव्यों की जागरुकता का आह्वान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 19 November 2020 02:28:14 PM

ncc nationwide constitution day youth club activity program

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नेशनल कैडेट कोर के एक महीने के राष्ट्रव्यापी संविधान दिवस युवा क्लब गतिविधि कार्यक्रम का नई दिल्ली से वीडियो कॉंफ्रेंसिंग से शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में लोगों में भारतीय संविधान के बारे में जागरुकता के प्रसार के लिए युवाओं को सक्रिय करना है। रक्षामंत्री ने देश के युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और उसके आदर्शों को हासिल करने के लिए निष्ठा के साथ काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कई वर्षों की गहन चर्चा और संवाद के बाद हमारा संविधान बना है, संविधान की प्रस्तावना हम के साथ आरंभ होती है और इस तरह से यह हमसब पर निर्भर करता है कि कैसे हम अपने देश और अपनी व्यवस्था को आगे लेकर जाते हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें लोगों को संविधान में सुनिश्चित उनके अधिकारों के संबंध में जागरुक करने की आवश्यकता है, लेकिन उन्हें उनके कर्तव्यों के बारे में भी जानकारी देने की जरूरत है, क्योंकि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। रक्षामंत्री ने कहा कि अपने अधिकारों के इस्तेमाल से पहले यह जरूरी है कि हम अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान से लोगों को यह जानकारी दी जानी चाहिए कि संविधान अनुशासन, विविधता में एकता, स्वतंत्रता, समानता, सार्वभौमिकता और सामाजिक एकता के आधारभूत मूल्यों के माध्यम से उनके जीवन को निर्देशित करता है। रक्षामंत्री ने कहा कि न्यू इंडिया के निर्माण के लिए यह आवश्यक है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद, डॉ भीमराव रामजी आम्बेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों से प्रेरित होकर हमें कृतसंकल्पित होकर संविधान के आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। देशभर में 18 नवम्बर से 13 दिसम्बर 2020 तक एक महीने का यह अभियान नेशनल कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र संगठन, द भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स एसोसिएशन और रेड क्रॉस जैसे देश के युवा संगठन संचालित करेंगे। अभियान के मुख्य उद्देश्य जन साधारण के बीच संविधान के मूल सिद्धांतों और भावना के संबंध में जागरुकता लाना है, उन्हें भारत के संविधान में स्थापित मूल कर्तव्यों, जिम्मेदारी, उत्पादक नागरिक के गुणों, भारत के संविधान के महत्व के बारे में बताना तथा समानता और सकारात्मक कार्यों पर डॉ भीमराव रामजी आम्बेडकर के संदेश का प्रचार-प्रसार करना है।
संविधान जागरुकता अभियान के तहत स्वयंसेवी युवा 22 से 24 नवम्बर 2020 तक देशव्यापी रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे। अभियान के दौरान युवा सोशल मीडिया पर हैशटैग# इट्स माई ड्यूटी (न्याय विभाग) और # मेराकर्तव्य (एनसीसी ट्विटर हैंडल) से लोगों को जोड़ेंगे। ई-मेल, मैसेज और बैनरों से भी जागरुकता फैलाई जाएगी। राष्ट्रव्यापी संविधान जागरुकता अभियान में प्रकृति के प्रति नागरिक की जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरुकता कार्यक्रमों के साथ घर तथा आस-पड़ोस में एक सप्ताह की सफाई मुहिम भी शामिल रहेगी। केंद्रीय युवा कल्याण और खेल राज्यमंत्री किरेन रिजिजू, रक्षा सचिव डॉ अजय कुमार, युवा कल्याण सचिव ऊषा शर्मा और एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चोपड़ा ने भी वीडियो कॉंफ्रेंस से कार्यक्रम को संबोधित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]