स्वतंत्र आवाज़
word map

नौसेना सामग्री विभाग के प्रमुख हुए सरमा

नौसेना में सबसे वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी हैं एसआर सरमा

विंध्य गिरि, राणा, कृष्णा व मैसूर नौसेना जहाजों का अनुभव

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 2 September 2020 01:21:45 PM

vice admiral sr sarma

नई दिल्ली। वाइस एडमिरल एसआर सरमा ने भारतीय नौसेना के सामग्री विभाग के प्रमुख के रूपमें पदभार ग्रहण कर लिया है। वाइस एडमिरल एसआर सरमा आईआईएससी बेंगलुरु से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट हैं और नेवल हायर कमांड कोर्स के विशिष्ट छात्र रहे हैं। एडमिरल एसआर सरमा ने साढ़े तीन दशक के अपने शानदार करियर के दौरान भारतीय नौसेना के जहाजों विंध्यगिरि, राणा, कृष्णा और मैसूर में विभिन्न क्षमताओं में काम किया है। उन्होंने मुंबई और विशाखापत्तनम में नौसेना पोतगाहों और वेपंस एंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम इंजीनियरिंग एस्टाब्लिशमेंट, मुख्यालय उन्नत सामरिक पोत कार्यक्रम और नई दिल्ली स्थित नौसेना मुख्यालय में विविध एवं चुनौतीपूर्ण पदों को संभाला है।
वाइस एडमिरल एसआर सरमा ने फ्लैग ऑफिसर के रूपमें नौसेना मुख्यालय में सामग्री विभाग में सहायक प्रमुख, नौसेना पोतगाह विशाखापट्टनम में एडमिरल अधीक्षक, मुख्य कर्मचारी अधिकारी (तकनीकी) मुख्यालय ईएनसी विशाखापट्टनम में महानिदेशक नौसेना परियोजना, मुख्यालय एटीवीपी में कार्यक्रम निदेशक और नौसेना मुख्यालय में युद्धपोत उत्पादन और अधिग्रहण विभाग में नियंत्रक के रूपमें कार्य किया है। वाइस एडमिरल एसआर सरमा को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। उन्हें 1994 में लेफ्टिनेंट वीके जैन स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर और भारतीय नौसेना में सबसे वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी के रूपमें वाइस एडमिरल एसआर सरमा सभी इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक, हथियार, सेंसर और जहाजों तथा पनडुब्बियों के लिए आईटी से संबंधित उपकरण एवं प्रणाली के रख-रखाव प्रबंधन और जीवन-चक्र उत्पाद समर्थन से संबंधित सभी कार्यों के साथ ही प्रमुख समुद्री तथा तकनीकी बुनियादी ढांचे के निर्माण के प्रभारी होंगे। वह वाइस एडमिरल जीएस पब्बी की जगह लेंगे, जो लगभग चार दशक के शानदार नौसेना करियर के पूरा होने पर सेवानिवृत्त हो गए हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]